दिल्ली में कार धमाके के बाद उत्तराखंड में भी हाई अलर्ट, चप्पे-चप्पे पर पुलिस ने चौकसी बढ़ाई

Spread the love

दिल्ली के लाल किला के पास कार में हुए ब्लास्ट की घटना के बाद देशभर में सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट हो गई हैं। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इस घटना के मद्देनज़र उत्तराखण्ड के डीजीपी को पुलिस को हाई अलर्ट पर रखने, पूरी सतर्कता बरतने और राज्य की सीमाओं पर विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिये हैं। Red Fort Metro Station Explosion राज्य के सभी जनपदों में सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर अंतरराष्ट्रीय एवं अंतरराज्यीय सीमाओं, संवेदनशील स्थलों, धार्मिक स्थलों, बाजारों, बस अड्डों, रेलवे स्टेशनों, माल एवं अन्य भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में सघन चेकिंग अभियान के निर्देश जारी किए गए हैं। पुलिस महानिदेशक दीपम सेठ ने बताया कि सभी जिला प्रभारियों एवं पुलिस अधिकारियों को अतिरिक्त सतर्कता बरतने, गश्त एवं चेकिंग बढ़ाने, तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की त्वरित सूचना एवं इंटरनेट मीडिया की लगातार मानिटरिंग कर कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।

दरअसल, सोमवार को दिल्ली के लाल किले पर हुए हमले के बाद अलर्ट जारी होते ही दून की सड़कों से लेकर रेलवे स्टेशन और घंटाघर पर पुलिसबल तैनात किया गया। रेलवे स्टेशन पर एसएसपी अजय सिंह ने पुलिस बल के साथ पहुंचकर वाहनों, यात्रियों के सामान और टिकट की जांच की। एसएसपी ने ट्रेन के डिब्बों में पहुंचकर भी यात्रियों से बात की। स्टेशन पर डॉग स्क्वॉड व बीडीएस टीम ने यात्रियों के सामान और वाहनों की जांच की। यात्री पुलिस से ही वजह भी पूछते रहे। वहीं घंटाघर पर भी वाहनों की जांच हुई। इसके अलावा जिले की सीमाओं पर भी चेकिंग अभियान चलाया गया। सोमवार की रात पुलिसबल के साथ पहुंचे एसएसपी अजय सिंह ने लखनऊ जा रही ट्रेन में भी सुरक्षा के हर स्तर से जांच की। दिल्ली की घटना के बाद देहरादून में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर हर स्तर पर जांच की जा रही है। टीमें हर जगह वाहनों की जांच कर रही हैं। बाहर के नंबर प्लेट के वाहनों के साथ ही पुराने समय से खड़े वाहनों की भी जांच की जा रही है।