पेट्रोल-डीजल के बाद अब सरसों के तेल ने बिगाड़ दिया रसोई का बजट,पहली बार हो गया 200 के पार

Spread the love

उपभोक्ताओं पर महंगाई की मार कम होने के बजाए बढ़ती जा रही है। पेट्रोल और डीजल तो रुला ही रहा है, अब सरसों तेल की कीमतें भी 200 रुपये के पार पहुंच गई हैं। सरसों तेल हर सब्जी में इस्तेमाल किया जाता है। ऐसे में लोगों के रसोई घर का बजट बिगड़ गया है। कुमाऊं में सरसों तेल की प्रति लीटर कीमत 200 रुपये के पार पहली बार पहुंची है।

नामी ब्रांडों का तेल 190 से 210 रुपये प्रति लीटर तक बिक रहा है। सितंबर महीने में दूसरी बार सरसों तेल की कीमतों में इजाफा हुआ है। बीते करीब 7 दिनों में 10 से 15 रुपये तक कीमतें बढ़ी हैं। इस महीने की बात करें तो करीब 30 रुपये तक सरसों तेल महंगा हुआ है। व्यापारियों के मुताबिक यह तेजी फिलहाल अभी नहीं थमेगी। नवरात्र के साथ त्योहारी सीजन शुरू होने वाला है और दिवाली तक कीमतों में और इजाफा होने के आसार हैं।

इस साल 75 रुपये तक महंगा हुआ सरसों तेल  सरसों के तेल में यह तेजी इस साल की शुरुआत से ही बनी हुई है। जनवरी तक 125 से 145 रुपये तक बिकने वाले तेल की कीमतें आसमान छू चुकी हैं। इस साल 75 रुपये तक सरसों तेल महंगा हुआ है। हालांकि, अगस्त में 10 रुपये तक गिरावट हुई थी।

कुमाऊं में सरसों तेल की कीमतें
हल्द्वानी

पतंजलि सरसों तेल : पाउच 200 रुपये, बोतल 210 रुपये
फॉच्र्यून सरसों तेल : पाउच 190 रुपये, बोतल 195 रुपये
धारा सरसों तेल : पाउच 190 रुपये, बोतल 200 रुपये
अल्मोड़ा 
पतंजलि सरसों तेल : पाउच 200 रुपये, बोतल 210 रुपये
धारा सरसों तेल : पाउच 210 रुपये
फॉच्र्यून सरसों तेल : पाउच 220 रुपये
बागेश्वर
धारा व स्कूटर सरसों तेल : पाउच 190 रुपये
फॉच्र्यून सरसों तेल : पाउच 190 रुपये
पतंजलि सरसों तेल : पाउच 200 रुपये
पिथौरागढ़
कुतबमीनार सरसों तेल : पाउच 200 रुपये
पतंजलि सरसों तेल : पाउच 195 रुपये
पी मार्क सरसों तेल : पाउच 190 रुपये
चम्पावत
पतंजलि सरसों तेल : बोतल 200 रुपये
धारा सरसों तेल : पाउच 190 रुपये
फाच्र्यून सरसों तेल : पाउच 195 रुपये

महंगा होने की वजह 
किराना व्यापार मंडल के मंडल महामंत्री डॉ. प्रमोद अग्रवाल गोल्डी बताते हैं कि सरकार ने खाद्य तेलों में पाम ऑयल की मिलावट पर पूर्ण प्रतिबंध लगा दिया है। दूसरा अभी सरसों की फसल आने में समय है। ये दोनों कारण सरसों तेल महंगा होने की प्रमुख वजह हैं।

सितंबर महीने में पिछले 5 से 7 दिनों से सरसों के तेल की कीमतें बढ़ गई हैं। बाजार में 210 रुपये तक प्रति किलो तक सरसों तेल बिक रहा है।
शलभ मित्तल, व्यापारी

सरसों तेल की कीमतों में काफी तेजी है। पिछले करीब 7 दिनों में 10 रुपये तक विभिन्न ब्रांडेड तेलों की कीमत बढ़ी है।