विधानसभा चुनाव-2022:चुनावी सरगर्मी के बीच भाजपा में बगावत,पूर्व विधायक का चुनाव लड़ने का ऐलान

Spread the love

विधानसभा चुनाव-2022 की सरगर्मी के बीच पुरोला के पूर्व विधायक व भाजपा नेता राजेश जुवांठा ने बगावती तेवर दिखाने शुरू कर दिया। जुवांठा ने हर परिस्थिति में चुनाव लड़ने का ऐलान किया है। वर्ष 2007 में जुवांठा पुरोला से कांग्रेस के टिकट पर विधायक निर्वाचित हुए थे। कांग्रेस ने वर्ष 2012 में भी उन्हें टिकट दिया था, लेकिन तब वे भाजपा के मालचंद से हार गए थे। वर्ष 2017 में टिकट न मिलने पर जुवांठा ने कांग्रेस छोड़ दी थी और भाजपा में शामिल हो गए थे।

अब चूंकि पुरोला के विधायक रह चुके राजकुमार की भाजपा में वापसी हो चुकी है लिहाजा जुवांठा अपने लिए कोई नया रास्ता अपना सकते हैं। पूर्व विधायक जुवांठा ने पुरोला स्थित अपने आवास में समर्थकों संग बैठक की, जिसमें उन्होंने जुवांठा को विधानसभा चुनाव के लिए पूरी तरह से मन बनाने और पूरा सहयोग देने का भरोसा दिया। इस बैठक में क्षेत्र के कुछ प्रधान व पूर्व प्रधान के साथ ही पूर्व बीडीसी सदस्य भी मौजूद रहे। उधर, संपर्क करने पर जुवांठा ने कहा कि वे हर परिस्थिति में चुनाव लड़ेंगे।

राजकुमार के शामिल होने से हैं नाराज
पुरोला से कांग्रेस के विधायक रह चुके राजकुमार के भाजपा में शामिल होने के बाद जुवांठा अपने राजनीतिक भविष्य को लेकर चिंतित हैं। माना जा रहा है कि पुरोला से भाजपा राजकुमार पर ही दांव खेल सकती है। जुवांठा के समर्थकों का कहना है कि वे अंदरखाने नाराज भी चल रहे हैं और निकट भविष्य में बड़ा कदम उठा सकते हैं।

कांग्रेस और आप के नेता संपर्क में
पुरोला में नए राजनीतिक समीकरण करने के बाद कांग्रेस और आम आदमी पार्टी के नेता भी पूर्व विधायक राजेश जुवांठा के संपर्क में हैं। स्वयं जुवांठा ने इसकी पुष्टि की है। कहा कि वे विधान सभा चुनाव के लिए पूरी तरह तैयार हैं।