उत्तराखंड में लगातार हो रही भारी बारिश से आम जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। लगातार हो रही बारिश से कई संपर्क मार्ग मलबे से पटे हैं, जिससे लोगों को आए दिन परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। Uttarakhand Heavy Rain Red Alert मौसम विभाग ने सभी जिलों के खास अलर्ट जारी किए हैं। गढ़वाल मंडल के दो जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश का रेड अलर्ट जारी किया गया है। राज्य के 6 जिलों जिनमें 5 जिले गढ़वाल मंडल और 1 जिला कुमाऊं मंडल है, में तीर्व से अति तीव्र बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी हुआ है। बीते 24 घंटों में राज्य के अधिकांश जिलों में सामान्य से कई गुना अधिक वर्षा दर्ज की गई है। चंपावत में सबसे ज्यादा 1089 प्रतिशत अधिक वर्षा रिकार्ड की गई, जो इस सीजन की अब तक की सबसे बड़ी छलांग है।
उत्तरकाशी पुलिस ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट एक्स से सूचना दी है कि- यमुनोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग कल्याणी, नारदचट्टी, बनास आदि स्थान तथा गंगोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग डबरानी, नालूणा के पास अवरुद्ध है। हाइवे को सुचारू करने का कार्य गतिमान है। चमोली में भी कई सड़क मार्ग बंद हैं। यहां की पुलिस ने सूचना दी है कि- जनपद चमोली में राष्ट्रीय राजमार्ग कंचन गंगा, भनेरपानी, कमेडा बंद हैं। अन्य मार्गों में थाना थराली क्षेत्र अंतर्गत कोटदीप, लोल्टी तथा नासिर मार्केट थराली से लोल्टी के बीच कई स्थानों पर भूस्खलन होने से सड़क मार्ग बंद है। हल्द्वानी मार्ग में आम पड़ाव के समीप एक टैक्सी वाहन पहाड़ी से गिरे बोल्डर की चपेट में आ गया। हादसे में टैक्सी चालक और सवार बाल बाल बचे। मामूली रूप से चोटिल दोनों लोगों को पुलिस ने उपचार के लिए हल्द्वानी भिजवा दिया है।