उत्तराखंड में मानसून की बारिश जमकर बरस रही है। हालत ये है कि जन जीवन अस्तव्यस्त है। जहां-तहां पहाड़ ढह रहे हैं। मलबा रास्तों खेतों में बिखर रहा है। Uttarakhand Rain Red Alert मौसम विज्ञान विभाग ने रेड अलर्ट के चलते बृहस्पतिवार को कुमाऊं में चंपावत, बागेश्वर, अल्मोड़ा, नैनीताल और ऊधमसिंह नगर जिलों में पहली से 10वीं तक के शासकीय, अर्द्धशासकीय, निजी स्कूलों और आंगनबाड़ी केंद्रों में अवकाश घोषित किया गया है। सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को सतर्क रहने के निर्देश दिए हैं। मौसम विज्ञान केंद्र ने आने वाले तीन दिन यानी 4, 5 और 6 जुलाई को भी भारी बारिश होने का अनुमान लगाया है। इस बार कुमाऊं में मानसून की बारिश ज्यादा सक्रिय है। मानसून का कुमाऊं के आसमान पर इतना प्रेशर है कि बहुत तेज बारिश की आशंका को लेकर रेड अलर्ट जारी हुआ है।
मौसम के लिहाज से अगले तीन दिन इतने संवेदनशील हैं कि मौसम विभाग ने अतिवृष्टि यानी बहुत ज्यादा बारिश की आशंका जताई है। ऐसे में पहाड़ी इलाकों में रहने वालों को लैंडस्लाइड से बचने की खास चेतावनी दी गई है। मौसम विभाग ने घर में रहने की सलाह दी है। मौसम विभाग के बाद पुलिस प्रशासन भी अर्लट मोड पर है। विभिन्न विभागों के अधिकारियों और कर्मचारियों को 24 घंटे अलर्ट रहने की सख्त हिदायत दी गई है। पिछले 24 घंटे से अधिक समय से कुमाऊं और उसके आसपास के क्षेत्रों में बारिश हो रही है। बारिश के चलते कई जगहों पर आपदा जैसी स्थिति बनी हुई है। मौसम विभाग द्वारा जिले में भारी वर्षा का रेड अलर्ट जारी किया गया है। मूसलाधार बारिश होने के कारण नदी नाले उफान में हैं। तटीय/नालों से सटे क्षेत्रों में जलभराव हो चुका है।