देहरादून: देवभूमि उत्तराखंड की होनहार बेटियां हर क्षेत्र में नई उपलब्धियां हासिल कर रही हैं। देश-विदेश में उत्तराखंड का मान बढ़ा रही हैं। वीरभूमि की सैन्य परंपरा सालों से चली आ रही है। इस सैन्य परंपरा को सिर्फ प्रदेश के बेटे ही नहीं बल्कि बेटियां भी आगे बढ़ा रही है। इन बेटियों में अब देहरादून की रहने वाली आस्था का नाम भी शामिल हो गया है। अपने सपनों की उड़ान पूरी कर वो एयर फोर्स में फ्लाइंग ऑफिसर बन गई हैं। उत्तराखंड के लिए ये गौरव की बात है कि सेना के प्रति उत्तराखंड के बेटे-बेटियों का रुझान बढ़ता जा रहा है।
आस्था की कामयाबी से जहां परिवार में खुशी की लहर है तो वहीं राज्य को उनपर गर्व है। आस्था के पिता और भाई भी सेना में है। बता दें कि हैदराबाद में हुई पासिंग आउट परेड में उत्तराखंड की बेटी आस्था बिष्ट फ्लाइंग ऑफिसर बन गई हैं। आस्था बिष्ट की इस सफलता से जिले में खुशी की लहर है। घर पर बधाई देने वालों का तांता लगा है। हैदराबाद के डुंडीगल स्थित भारतीय वायुसेना अकादमी में शनिवार को आयोजित पासिंग आउट परेड में देहरादून की आस्था बिष्ट फ्लाइंग ऑफिसर बनीं। वायुसेना में अफसर बनने की शपथ लेने के साथ ही परिजनों को उनके कंधे पर स्टार सजाने का मौका मिला।
पूर्व सैनिक मेहरबान सिंह बिष्ट के दोनों बच्चों ने सेना में अफसर बनकर नाम रोशन किया है। फ्लाइंग ऑफिसर बनीं आस्था बिष्ट का परिवार प्रेमनगर के बनियावाला में रहता है। मूलरूप से नैनीडांडा (पौड़ी) के सीला गांव का रहने वाले हैं। उनके पिता मेहरबान सिंह बिष्ट पूर्व फौजी हैं। गढ़वाल राइफल्स से नायब के पद से रिटायर हुए। मामा अधिवक्ता अनिल रावत ने बताया कि आस्था की मां सुनीता बिष्ट गृहणी हैं। आस्था ने केंद्रीय विद्यालय आईएमए से पढ़ाई की। भाई शुभम बिष्ट पहले एनडीए से और बाद में 2015 में आईएमए से पास आउट होकर सेना में अफसर बने। शुभम इस वक्त बतौर कैप्टन भारतीय सेना में सेवाएं दे रहे हैं। आस्था की पासिंग पाउट परेड में हिस्सा लेने माता-पिता और भाई हैदराबाद गए है।