उत्तराखंड में इस बार मानसून सीजन ने जमकर अपना कहर बरपाया था। पूरे मानसून सीजन में सामान्य से ज्यादा बरसात के बाद उम्मीद की जा रही है कि इस बार बर्फबारी भी पूरे प्रदेश में ठीक-ठाक से देखने को मिलेगी। Uttarakhand Weather Forecast दिसंबर की पहली सप्ताह की ठंड अब पूरे राज्य में अपने पैर जमा चुकी है और पहाड़ों से लेकर तराई तक हर जगह इसका असर महसूस किया जाएगा। मौसम विभाग से मिली जानकारी के अनुसार 3 दिसंबर की सुबह उत्तराखंड में ठंड का असर और अधिक बढ़ा हुआ नजर आएगा। मौसम विज्ञान केंद्र देहरादून की ओर से जारी पूर्वानुमान के अनुसार चार दिसंबर से उत्तराखंड का मौसम बदल सकता है, जिसके बाद प्रदेश के कुछ जिलों में हल्की बारिश होने के संभावन हैं। उत्तरकाशी, चमोली और पिथौरागढ़ जिले के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश होने के आसार हैं। जबकि 3500 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी भी होने की संभावना है। ऐसा ही मौसम प्रदेश भर में सात दिसंबर तक रहने के आसार हैं।
आपदा प्रबंधन सचिव विनोद कुमार सुमन ने कहा कि प्रदेश के सभी जिलों को निर्देश जारी किए गए हैं कि शीतलहर से बचाव की तैयारियां समय से पूरी कर ले। ऐसे में जिला स्तर पर तैयारियां भी मुकम्मल कर ली गई है। देहरादून नगर निगम समेत प्रदेश के नगर निकायों की ओर से सार्वजनिक स्थानों पर अलाव की व्यवस्था की गई है। वहीं जिलाधिकारी को कंबल वितरण के भी निर्देश दिए गए हैं। साथ ही कहा कि बर्फबारी के दौरान जहां-जहां रास्ते बंद होते हैं, उन क्षेत्रों में अगले फरवरी महीने तक के लिए खाद्य सामग्री, डीजल, दवाइयां समेत जरूरी चीजों के भंडारण के निर्देश दिए गए हैं। आपदा प्रबंधन सचिव ने बताया कि 23 दिसंबर को शीतलहर से बचाव संबंधित कार्यशाला का आयोजन कर रहे हैं, जिसमें प्रदेश के सभी जिलाधिकारी और संबंधित विभागीय अधिकारी शामिल होंगे। इस कार्यशाला में शीतलहर से बचाव संबंधित की गई तैयारी को लेकर चर्चा की जाएगी, साथ ही तैयारियों का परीक्षण भी किया जाएगा।