केदारनाथ धाम से शीतकाल के दौरान बर्फबारी का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचने का मामला सामने आया है। Video of snowfall from Kedarnath Dham इस प्रकरण को गंभीरता से लेते हुए उप जिलाधिकारी ऊखीमठ अनिल कुमार शुक्ला ने अधिशासी अभियंता, निर्माण खंड लोक निर्माण विभाग गुप्तकाशी को तत्काल आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। उप जिलाधिकारी की ओर से जारी आदेश में कहा गया है कि श्री केदारनाथ धाम के कपाट शीतकाल के चलते बंद हैं और इस अवधि में धाम की विशेष धार्मिक परंपराएं निभाई जाती हैं। इसी बीच मंदिर परिसर और मंदिर के सामने स्थित ‘ॐ’ स्थल का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर प्रसारित किया गया, जिस पर तीर्थपुरोहितों ने कड़ा विरोध जताया है।
केदारनाथ धाम के तीर्थपुरोहित संतोष त्रिवेदी ने छह जनवरी को उप जिलाधिकारी ऊखीमठ को शिकायती पत्र सौंपते हुए कहा कि शीतकाल में केदारनाथ धाम में छह माह देव पूजा और छह माह नर पूजा की परंपरा का विशेष महत्व है। इस दौरान मंदिर परिसर में मानव गतिविधियों का होना और उसका प्रचार-प्रसार धार्मिक मान्यताओं के विरुद्ध है। इससे देश-विदेश में आस्था रखने वाले करोड़ों श्रद्धालुओं की भावनाओं को ठेस पहुंची है। गौरतलब है कि केदारनाथ धाम में इन दिनों प्रधानमंत्री के ड्रीम प्रोजेक्ट के तहत पुनर्निर्माण और अन्य विकास कार्य चल रहे हैं। शीतकाल के बावजूद धाम क्षेत्र में 50 से अधिक श्रमिक कार्यरत हैं। आरोप है कि वुड स्टोन कंपनी के ठेकेदार द्वारा पांच जनवरी को बर्फबारी के दौरान मंदिर परिसर का वीडियो बनाया गया और उसे सोशल मीडिया पर प्रसारित किया गया, जिससे विवाद खड़ा हो गया। उप जिलाधिकारी ऊखीमठ ने लोक निर्माण विभाग को निर्देशित किया है कि संबंधित ठेकेदार की गतिविधियों को तत्काल प्रभाव से रोका जाए।