Uttarakhand Weather Update: उत्तराखंड में मंगलवार को भी मौसम बदले रहने के आसार हैं। मौसम विभाग ने बारिश के साथ आकाशीय बिजली चमकने को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग ने 22 जून तक प्रदेश में कहीं-कहीं हल्की से तीव्र बारिश की संभावना जताई है। मौसम विभाग के अनुसार इस बार मानसून पांच दिन की देरी से 25 जून को उत्तराखंड में प्रवेश करेगा, लेकिन इससे पहले 21 और 22 जून को प्री मानसून की अच्छी बारिश हो सकती है। पर्वतीय जिलों में बारिश के साथ झोंकेदार हवाएं भी चलने के आसार हैं। इससे मैदानी इलाकों में तापमान में गिरावट दर्ज की जा सकती है। मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक बिक्रम सिंह ने बताया, बारिश के साथ 60-70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से झोंकेदार हवाएं चलने की भी संभावना है।
सोमवार को प्रदेश के ज्यादातर क्षेत्रों में दोपहर बाद बादल घिर आए। मैदानी क्षेत्रों में अंधड़ ने दुश्वारियां बढ़ाईं। इसके साथ कई क्षेत्रों में तीव्र बौछारें पड़ीं। केदारनाथ में हल्की वर्षा से ठिठुरन बढ़ गई। जबकि, बदरीनाथ और हेमकुंड साहिब में आंशिक बादल छाये रहे। गंगोत्री व यमुनोत्री में मौसम शुष्क रहा। मैदानी क्षेत्रों में वर्षा के बाद पारे में गिरावट दर्ज की गई और भीषण गर्मी से फौरी राहत मिली। मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार प्रदेश में आज भी मौसम का मिजाज बदला रह सकता है। दून में दोपहर बाद आए अंधड़ से जन-जीवन प्रभावित हो गया। धूल भरी आंधी से दुपहिया वाहन सवारों और पैदल राहगीरों को खासी दिक्कतें हुईं। जबकि, झक्कड़ से कई स्थानों पर पेड़ों की टहनियां टूट गईं।