मौसम अपडेट: मैदानी इलाकों में तपिश छुड़ाएगी पसीना, पहाड़ी क्षेत्रों में सुबह शाम ठंडक

Spread the love

उत्तराखंड में फिलहाल मौसम शुष्क बना रहेगा। अगले कुछ दिनों में सूरज की तपिश बढ़ने से मैदानी क्षेत्रों के पारे में वृद्धि हो सकती है। हालांकि, पर्वतीय क्षेत्रों में कहीं-कहीं आंशिक बादल भी मंडरा रहे हैं। Uttarakhand Weather Forecast ज्यादातर क्षेत्रों में अधिकतम तापमान सामान्य से अधिक बना हुआ है। अगले कुछ दिनों में इसमें और इजाफा होने की संभावना है। बृहस्पतिवार को अधिकतम तापमान 32 डिग्री व न्यूनतम तापमान 10.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। इस महीने का अभी तक का सबसे अधिक तापमान बृहस्पतिवार को दर्ज किया गया है। तापमान बढ़ने से दिन में गर्मी होने लगी है। सुबह गर्मी से निजात पाने के लिए लोग अब कूलर और पंखों का सहारा लेने लगे हैं।

मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक बिक्रम सिंह के अनुसार उत्तराखंड में फिलहाल मौसम शुष्क बना रह सकता है। मैदानी क्षेत्रों में पारे में वृद्धि हो सकती है। वहीं, उत्तरकाशी, चमोली, रुद्रप्रयाग व आसपास कहीं-कहीं आंशिक बादल छाये रह सकते हैं। पर्वतीय क्षेत्रों में कहीं-कहीं आंशिक बादल छाने और बूंदाबांदी के आसार हैं। आगामी 24 मार्च की रात को ताजा पश्चिमी विक्षोभ हिमालयी क्षेत्रों में सक्रिय हो सकता है। गुरुवार को देहरादून का अधिकतम तापमान 30.6 और न्यूनतम तापमान 13.2 डिग्री सेल्सियस रहा। उधम सिंह नगर का अधिकतम तापमान 32.2 और न्यूनतम तापमान 10. 4 डिग्री सेल्सियस रहा।