Uttarakhand Weather: दो दिन बिगड़ा रहेगा मौसम, चारधाम मार्गों पर सतर्कता बरतने की सलाह

Spread the love

Uttarakhand Weather Update: उत्तराखंड में मौसम के तेवर तल्ख बने हैं। पहाड़ से लेकर मैदान तक बादल मंडरा रहे हैं। पहाड़ से मैदान तक वर्षा-ओलावृष्टि से पारे में गिरावट दर्ज की गई। अधिकतर इलाकों में तापमान में तीन से चार डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट आई है। मौसम विभाग की ओर से आज प्रदेश के कई इलाकों में वर्षा-ओलावृष्टि और अंधड़ को लेकर आरेंज अलर्ट जारी किया गया है। झोंकेदार हवा की रफ्तार 70 से 80 किलोमीटर प्रति घंटा हो सकती है। जबकि, मैदानी इलाकों में भी मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है। नैनीताल, पौड़ी, ऊधमसिंह नगर, हरिद्वार में वर्षा हो सकती है। वहीं, अन्य जिलों में गरज-चमक के साथ ओलावृष्टि की आशंका है।

तेज हवाओं के साथ हुई बारिश के चलते दून के अधिकतम तापमान में तीन डिग्री तक की गिरावट दर्ज की गई। जबकि दिनभर छाए रहे बादल से लोगों को गर्मी से राहत मिली। सोमवार को शहर का अधिकतम तापमान 33.1 व न्यूनतम तापमान 22.4 डिग्री दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने आज भी कुछ इलाकों में तेज गर्जना, बारिश के साथ झोंकेदार हवाएं चलने की आशंका जताई है। हवा की रफ्तार 80 किलाेमीटर प्रति घंटा रह सकती है। मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक बिक्रम सिंह के अनुसार प्रदेश में मौसम का मिजाज बदला रह सकता है।