उत्तराखंड भाजपा प्रदेश अध्यक्ष का ये कैसा बयान, तिरंगा नहीं फहराने वालों पर देश भरोसा नहीं कर सकता, राजनीतिक विवाद शुरू

Share

Uttarakhand BJP: केंद्र सरकार द्वारा पूरे देश में हर घर तिरंगा अभियान चलाया जा रहा है, सभी को तिरंगा फहराने के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है। विपक्ष एक तरफ इस अभियान को राजनीति बता रहा है तो बीजेपी के ही कुछ नेता इसे अलग रंग देते भी दिख रहे है। इस समय उत्तराखंड बीजेपी अध्यक्ष महेंद्र भट्ट का बयान चर्चा में आ गया है। हल्द्वानी में बड़ा बयान देते हुए उत्तराखंड भाजपा अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने कहा कि जिस घर में तिरंगा लहराता हुआ नहीं दिखाई देता है तो वह घर की तरफ विश्वास की नजर से नहीं देखा जाएगा। उनके इस बयान पर विवाद शुरू हो गया है।

मीडिया से बात करते हुए भट्ट ने कहा, ‘जिस घर में तिरंगा नहीं होता, उस पर देश भरोसा नहीं कर सकता। घर में राष्ट्रीय ध्वज फहराने में क्या दिक्कत होनी चाहिए? लोगों ने हाथ में तिरंगा लेकर अपने प्राणों की आहुति दे दी। इस आजादी का अमृत महोत्सव में राष्ट्रीय ध्वज देशभक्ति का प्रतीक है। हम सभी नागरिकों से राष्ट्रीय ध्वज लगाने का आह्वान करते हैं। अभी तक नेता की तरफ से कोई सफाई तो पेश नहीं की गई है, लेकिन इस बयान का ज्यादा लोग स्वागत नहीं कर रहे।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष के विवादित बयान पर आम आदमी पार्टी उत्तराखंड की प्रदेश उपाध्यक्ष उमा सिसोदिया ने बयान पर प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि हमारे प्रदेश के दूर दराज के गांव में जहां लोग राष्ट्र ध्वज फहराना चाहते हैं वहां तक झंडा पहुंचता नही और आरएसएस मुख्यालय पर झंडा नही फहराया जाता उस पर क्या कहेंगे। जानकारी के लिए बता दें कि केंद्र सरकार ने आजादी के 75 साल पूरे होने के उपलक्ष्य में इस अभियान की शुरुआत की है। इसके तहत सरकार ने लोगों से 13 से 15 अगस्त के बीच अपने घर पर तिरंगा फहराने की अपील की है। वहीं बीजेपी ने 11 अगस्त से 13 अगस्त तक प्रत्येक वार्ड, गांव में ‘रघुपति राघव राजा राम’ भजन और वंदे मातरम के साथ प्रभात फेरी भी निकालने का भी लक्ष्य निर्धारित किया है।