किसके निशाने पर हैं Uttarakhand के कोर्ट? | Nainital | Haldwani | Ramnagar | Uttarakhand News

Spread the love

दोस्तो, उत्तराखंड के कोर्ट परिसरों में सुरक्षा की घड़ी खतरे की घंटी बजा रही है! ‘जज चैंबर में 5 RDX’—बस ये शब्द ही लोगों के रोंगटे खड़े कर देने वाले हैं। नैनीताल, टिहरी और रुद्रप्रयाग के जिला न्यायालयों को बम से उड़ाने की धमकी मिली, और जैसे ही ईमेल आया, कोर्ट परिसर में अफरा-तफरी मच गई। बम निरोधक और डॉग स्क्वायड तुरंत मौके पर पहुंचे, पूरे परिसर की जांच की गई, और सुरक्षा मानक कड़े कर दिए गए। अब सवाल ये उठता है – आखिर किसके निशाने पर हैं उत्तराखंड के ये न्यायालय, और क्या है इन धमकियों के पीछे की साजिश?विस्तार से जानते हैं पूरी घटना और जांच की स्थिति। दोस्तो सोमवार को उत्तराखंड के कई न्यायालयों को बम से उड़ाने की धमकी दी गई थी। नैनीताल जिला एवं सत्र न्यायालय को बम से उड़ाने की धमकी की पुलिस जांच शुरू भी नहीं हुई थी कि परिसर में बम धमाका करने का धमकी भरा संदेश दोबारा आ गया। इससे जहां हड़कंप मच गया, वहीं बम निरोधक और डॉग स्क्वायड परिसर की जांच में जुट गए। उधर टिहरी गढ़वाल के जिला न्यायालय की आधिकारिक ई-मेल पर भी बम की सूचना मिलने से हड़कंप मच गया। सुरक्षा के मद्देनजर कोर्ट परिसर की पूरी तरह जांच की गई। नैनीताल जिला एवं सत्र न्यायालय को बम से उड़ाने की धमकी भरे संदेश थमने का नाम नहीं ले रहे हैं। बीती रोज परिसर में मचे हड़कंप के बाद पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू भी नहीं की है कि एक और धमकी भरे संदेश ने फिर खलबली मचा दी है। जिला जज के कार्यालय ईमेल एड्रेस पर सुबह 7:11 पर प्राप्त संदेश में कोर्ट परिसर में ह्यूमन बम और आरडीएक्स से बने बम पूर्व में ही स्थापित किये जाने और 11:15 पर इनके फटने की बातें कही गई। दोस्तो ईमेल मिलने के बाद एक बार फिर कोर्ट परिसर में अफरा तफरी का माहौल हो गया। डॉग स्क्वायड और बम निरोधक दस्ता परिसर के निरीक्षण में जुट गया। इस बार हमले की जिम्मेदारी कथित तौर पर तमिल टाइगर ऑफ ईलम और पाकिस्तान आईएसआई द्वारा ली गई है।

दोस्तो यहां बता दें कि सोमवार को नैनीताल जिला एवं सत्र न्यायालय के जिला जज के आधिकारिक ईमेल पर धमकी भरा संदेश प्राप्त हुआ था। ईमेल में कोर्ट परिसर को बम से उड़ने की धमकी दी गई थी। धमकी के बाद कोर्ट परिसर में हड़कंप मचा रहा। आधे दिन न्यायिक कार्य बाधित होने के साथ ही भारी पुलिस बल परिसर की निरीक्षण और जांच में जुटा रहा। वहीं पुलिस की ओर से अज्ञात के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर लिया गया। इधर मामले की जांच शुरू भी नहीं हुई थी कि मंगलवार सुबह 7:11 पर ईमेल पर एक और संदेश ने फिर खलबली मचा दी। दूसरे संदेश में कहा गया है कि जज चैंबर में आज सुबह 11:15 बजे फटने के लिए पांच आरडीएक्स बम लगाए गए हैं, तुरंत अदालत खाली कर दें। दोस्तो संदेश में बम विस्फोट किस प्रकार होंगे यह भी जानकारी दी गई है। साथ ही जिम्मेदारी लेते हुए सबसे नीचे तमिल टाइगर्स ऑफ ईलम और पाकिस्तान आईएसआई लिखा गया है। दोस्तो संदेश मिलने के बाद ही कोर्ट परिसर में खलबली मच गई। सूचना के बाद डॉग स्क्वायड और बम निरोधक दस्ता कोर्ट परिसर पहुंचे। जज और अधिवक्ता चैंबर्स के साथ ही पार्किंग और अन्य सार्वजनिक स्थलों की गहन जांच की गई है। परिसर में पुलिस सुरक्षा बढ़ा दी गई है एसपी जगदीश चंद्र ने बताया कि फिलहाल जांच में कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली है। उधर नई टिहरी जिला न्यायालय में भी बम प्लांट करने का धमकी भरा ईमेल मिला। बम होने की सूचना पर हड़कंप मच गया। पुलिस और एलआईयू की टीम कोर्ट परिसर पहुंची और सभी जगह सघन जांच की जांच में कहीं भी बम नहीं मिला। इससे पुलिस और कोर्ट स्टाफ ने राहत की सांस ली है। अभी भी पुलिस जांच में जुटी हुई। जनपद रुद्रप्रयाग के जिला एवं सत्र न्यायालय परिसर में भी उस समय हड़कंप मच गया, जब न्यायालय की आधिकारिक ई-मेल आईडी पर एक अज्ञात स्रोत से धमकी भरा संदेश प्राप्त हुआ। सूचना जनपद न्यायाधीश के माध्यम से पुलिस तक पहुंची, मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस प्रशासन तत्काल हरकत में आ गया और पूरे न्यायालय परिसर में सघन चेकिंग अभियान चलाते हुए सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए।

सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक निहारिका तोमर ने स्वयं मोर्चा संभालते हुए पुलिस, अभिसूचना इकाई एवं अन्य संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ न्यायालय परिसर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। एहतियातन सुरक्षा मानकों का पालन करते हुए पूरे न्यायालय परिसर को तत्काल खाली करा लिया गया। परिसर में पर्याप्त संख्या में पुलिस बल एवं पीएसी की टीमें तैनात की गईं। मुख्य द्वार पर आवाजाही पूर्ण रूप से रोक दी गई और केवल अधिकृत व्यक्तियों को ही प्रवेश की अनुमति दी गई। न्यायालय परिसर के भीतर और आसपास के क्षेत्रों में सघन निगरानी रखी गई। धमकी भरे ई-मेल को गंभीरता से लेते हुए बम निरोधक दस्ते द्वारा पूरे न्यायालय परिसर का तकनीकी निरीक्षण एवं गहन सर्च ऑपरेशन चलाया गया। संदिग्ध वस्तुओं की तलाश की गई और सुरक्षा उपकरणों से प्रत्येक कक्ष की जांच की गई फिलहाल किसी प्रकार की विस्फोटक सामग्री मिलने की सूचना नहीं है। दोस्तो, उत्तराखंड के कई न्यायालय परिसरों में मिली बम धमकियों ने एक बार फिर सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। नैनीताल, टिहरी और रुद्रप्रयाग के कोर्ट परिसर में मिले धमकी भरे ईमेल के बाद पुलिस, बम निरोधक और डॉग स्क्वायड ने पूरी तरह जांच की, कोर्ट परिसर को खाली कराया गया और सुरक्षा मानक कड़े कर दिए गए। फिलहाल जांच में कोई संदिग्ध या विस्फोटक सामग्री नहीं मिली है, लेकिन प्रशासन सतर्क है और पूरी तरह अलर्ट मोड में है।इस मामले की जांच लगातार चल रही है और पुलिस ने स्पष्ट किया है कि कोई भी संदिग्ध गतिविधि बर्दाश्त नहीं की जाएगी। न्यायालय परिसरों की सुरक्षा को और मजबूत करने के लिए आगे भी सभी उपाय किए जाएंगे।दोस्तो, आपसे यही अपील है कि किसी भी संदिग्ध सूचना पर तत्काल पुलिस को सूचित करें और अफवाहों से बचें। हम इस मामले की हर अपडेट आपको समय-समय पर देते रहेंगे।