उत्तराखंड में कौन बनेगा बीजेपी का नया प्रदेश अध्यक्ष, भट्ट होंगे रिपीट या नए चेहरे को मिलेगी जिम्मेदारी

उत्तराखंड भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष और राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट ने दिल्ली में गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात की है। जिसके बाद प्रदेश में एक बार फिर सियासत गरमा गई है।

Share

उत्तराखंड में निकाय चुनाव निपटते ही अब नए प्रदेश अध्यक्ष को लेकर सुगबुगाहट तेज हो गई है। माना जा रहा है कि मार्च माह के पहले हफ्ते में भाजपा को नया अध्यक्ष मिल सकता है। Uttarakhand BJP’s New State President इस बीच महेंद्र भट्ट ने सोमवार को नई दिल्ली में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से शिष्टाचार भेंट की। इस मुलाकात के दौरान भट्ट ने शाह के समक्ष अपना रिपोर्ट कार्ड रखा। उन्होंने निकाय चुनाव में पार्टी के प्रदर्शन की जानकारी भी साझा की। इस दौरान शाह ने भाजपा की जीत पर भट्ट को बधाई दी। भट्ट राज्यसभा के सदस्य हैं और वर्तमान में पार्टी की बागडोर संभाल रहे हैं। सांगठनिक चुनाव प्रक्रिया शुरू होने के साथ ही पार्टी के राजनीतिक हलकों में प्रदेश अध्यक्ष के नाम की चर्चाएं हैं।

भाजपा में ब्राह्मण चेहरे के रूप में प्रदेश महामंत्री आदित्य कोठारी और विधायक विनोद चमोली के नामों की चर्चा जोरों पर है। वहीं, दलित चेहरे के रूप में विधायक खजान दास का नाम सबसे आगे बताया जा रहा है। पार्टी के कुछ वरिष्ठ नेताओं का मानना है कि इस बार भाजपा कोई नया प्रयोग भी कर सकती है। यदि भाजपा इस बार महिला नेतृत्व को बढ़ावा देने का फैसला करती है, तो दो नाम प्रमुखता से उभरकर सामने आ रहे हैं, केदारनाथ विधायक आशा नौटियाल और महिला मोर्चा की राष्ट्रीय महासचिव दीप्ति रावत। दोनों ही नेता संगठन में सक्रिय भूमिका निभाती रही हैं और पार्टी में उनका अच्छा प्रभाव भी माना जाता है। मार्च के पहले सप्ताह में उत्तराखंड भाजपा को नया प्रदेश अध्यक्ष मिल सकता है। वर्तमान अध्यक्ष महेंद्र भट्ट को दोबारा जिम्मेदारी देने या किसी नए चेहरे को आगे लाने पर मंथन जारी है।