खानपुर से पूर्व विधायक कुंवर प्रणव सिंह चैंपियन का नाम विवादों और सुर्खियों से जुड़ा रहा है। चाहे तमंचे पर डिस्को का मामला हो या मगरमच्छ पर गोली चलाने का, चैंपियन का राजनीतिक सफर हमेशा विवादों से भरा रहा है। Champion Umesh Kumar Controversy हाल ही में, निर्दलीय विधायक उमेश कुमार शर्मा से उनकी तकरार फिर से उन्हें चर्चा में ले आई है। इस बीच भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने हरिद्वार के घटनाक्रम को दुखद बताते हुए कहा कि प्रदेश मे माहौल बिगाड़ने वालों को बर्दाश्त नही किया जायेगा और सलाखों के पीछे पहुंचाया जायेगा। भट्ट ने कहा कि सार्वजनिक जीवन मे प्रतिनिधि का आचरण आदर्श प्रस्तुत करता है और समर्थकों को भी संयमित होना चाहिए। उन्होंने कहा कि घटना को बार बार दोहराना गलत है और किसी को भी कानून को हाथ मे लेने की इजाजत नही दी जायेगी। उन्होंने स्थिति को नियंत्रित और सुचारु बनाये रखने के लिए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का आभार जताते हुए कहा कि यह सुखद है कि सीएम स्थिति पर नजर बनाये हुए हैं और उनके निर्देश पर निष्पक्ष कार्यवाही हो रही है।
सरकार कानून को हाथ मे लेने वालों के साथ कड़ाई से निपटेगी। इस समूचे घटनाक्रम में धामी सरकार की निष्पक्ष एवं कड़ी कार्यवाही का पार्टी पूरी तरह समर्थन करती है। कोई भी व्यक्ति चाहे वह पार्टी का नेता, आम कार्यकर्ता हो या अन्य राजनीतिक पक्ष से जुड़ा हो, उन्हें देवभूमि की शांति बिगाड़ने नहीं दिया जाएगा। भट्ट ने कहा कि राजनीतिक रस्साकसी के चलते जनप्रतिनिधियों द्वारा माहौल बिगाड़ने को किसी भी तरह से उचित नहीं ठहराया जा सकता है। राज्य के राजनीतिक माहौल, परंपरा और प्रक्रिया के लिए इस तरह के घटनाक्रम बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। राजनेताओं का लगातार एक दूसरे के खिलाफ व्यक्तिगत टिप्पणियां एवं जन आक्रोश फैलाना सभ्य समाज में भी अस्वीकार्य है। भारतीय जनता पार्टी इस तरह की तमाम गतिविधियों और मंशा की कड़े शब्दों में निंदा करती है। हम राजनीति में सुचिता, सिद्धांत और विचारों का समर्थन करने वाले हैं। हालांकि जिस तरह का प्रदर्शन वहां जनप्रतिनिधियों द्वारा दिखाया गया, उसे किसी भी तरह से उचित नहीं ठहराया जा सकता है।