Kumaoni Holi 2023: होली का त्योहार देशभर में धूमधाम से मनाया जाता है। हर सूबे की एक खास होली होती है जिस वजह से उसका अपना ही आकर्षण होता है। पुष्कर में जहां कपड़ा फाड़ होली खेली जाती है, वहीं ब्रज की लट्ठमार होली दुनियाभर में प्रसिद्ध है। उसी तरह से पहाड़ी सूबे उत्तराखंड के कुमाऊं मंडल की होली का भी अपना ही आकर्षण है। खासकर अल्मोड़ा की बैठकी होली जो विश्वभर में प्रसिद्ध है। अल्मोड़ा उत्तराखंड की सांस्कृतिक नगरी है। यहां की होली को देखने के लिए दूर-दूर से पर्यटक आते हैं। अल्मोड़ा की बैठकी होली को 150 साल से भी अधिक पुराना बताया जाता है। कुमाऊं में प्रमुख तौर पर बैठ की होली, खड़ी होली और महिलाओं की होली की विधा देखने को मिलती है। इसमें ठेठर और स्वांग भी सम्मिलित है।
कुमाऊं में खासकर तीन तरीके से होली का जश्न मनाया जाता है जिसे होली की विधाएं कहते हैं। यहां बैठकी होली, खड़ी होली और महिलाओं की होली काफी प्रसिद्ध है। सबसे पहले बैठकी होली होती है और उसके बाद खड़ी होली। महिलाओं की होली का अपना ही आकर्षण है जिसमें स्वांग भी शामिल है। बैठकी होली में जहां शास्त्रीय राग में होली के गीत सुनने को मिलते हैं, वहीं खड़ी होली में ढोल और मंजीरे के साथ गोल घेरे में अलग अंदाज में खड़ी होली गायी जाती है। खड़ी होली को बैठकर भी गा सकते हैं। लेकिन इसका आकर्षण खड़े होकर बीच में ढोल और मंजीरे के साथ एक गोल घेरे में गाते हुए है। अगर आपको उत्तराखंड की होली देखनी है तो इस बार आप अल्मोड़ा की सैर कर सकते हैं और यहां की बैठकी, खड़ी और महिलाओं की होली को देख सकते हैं।