उत्तराखंड की राजनीति और शिक्षा महकमे में इन दिनों चर्चा के केंद्र में रहे अजय कुमार नौडियाल को शासन ने प्रमोशन का तोहफा दिया है। लंबे समय से प्रारंभिक शिक्षा विभाग में प्रभारी निदेशक के रूप में कार्य कर रहे अजय कुमार नौडियाल को अब स्थायी रूप से निदेशक प्रारंभिक शिक्षा के पद पर पदोन्नत कर दिया गया है। Assault Education Director शासन स्तर पर जारी आदेश के बाद वे अब विधिवत रूप से विभाग की कमान संभालेंगे। अजय कुमार नौडियाल काफी समय से अपर शिक्षा निदेशक के पद पर रहते हुए प्रारंभिक शिक्षा निदेशक का अतिरिक्त प्रभार संभाल रहे थे। उनका प्रमोशन काफी समय से लंबित था और पदोन्नति चयन समिति की प्रक्रिया पूरी होने के बाद ही इस पर अंतिम मुहर लगनी थी। अब उत्तराखंड राज्य शैक्षिक सेवा के निदेशक के रिक्त पद के सापेक्ष चयन समिति की संस्तुति के आधार पर शासन ने उन्हें पदोन्नत कर स्थायी नियुक्ति दे दी है। शिक्षा सचिव रविनाथ रमन की ओर से जारी आदेश में स्पष्ट किया गया है कि नियमानुसार पदोन्नति प्रक्रिया अपनाई गई और चयन समिति की अनुशंसा के बाद अजय कुमार को निदेशक प्रारंभिक शिक्षा नियुक्त किया गया है।
अजय कुमार नौडियाल हाल ही में हुए एक विवाद के कारण प्रदेशभर में चर्चा में आ गए थे। रायपुर से बीजेपी विधायक उमेश शर्मा काऊ और उनके समर्थकों पर प्रभारी निदेशक के साथ मारपीट के आरोप लगे थे। इस घटना के वीडियो भी सामने आए थे, जिनमें कथित तौर पर कार्यालय के भीतर धक्का-मुक्की और अभद्र व्यवहार की तस्वीरें दिखाई दी थीं। घटना के बाद शिक्षा विभाग और शिक्षक संगठनों में भारी रोष देखा गया। वहीं, प्रदेशभर में शिक्षकों ने विरोध जताया और कई स्थानों पर आंदोलन की चेतावनी दी गई। यह मामला केवल विभागीय विवाद तक सीमित नहीं रहा, बल्कि राजनीतिक और प्रशासनिक गलियारों में भी गूंजता रहा। मामले ने इतना तूल पकड़ा कि आखिरकार विधायक उमेश शर्मा काऊ को सार्वजनिक रूप से खेद जताना पड़ा। शिक्षक संगठनों ने इसे सम्मान व सुरक्षा से जुड़ा मुद्दा बताया और सरकारी कार्यालयों में कर्मचारियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग उठाई। इस पूरे घटनाक्रम ने शासन और प्रशासन को भी सख्त संदेश दिया कि अधिकारियों की गरिमा एवं सुरक्षा से समझौता नहीं किया जा सकता।