उत्तराखंड सरकार का बड़ा फैसला, चारधाम यात्रा में श्रद्धालुओं की दैनिक संख्‍या निर्धारित करने का निर्णय वापस

Spread the love

Chardham Yatra 2023: कल से चारधाम यात्रा शुरू हो रही है। राज्‍य सरकार ने चारधामों में यात्रियों की दैनिक संख्‍या सीमित रखने का निर्णय वापस ले लिया। इस संबंध में शासन की ओर से आदेश जारी कर दिए गए हैं। चारधाम यात्रा के लिए अब तक पंजीकरण का आंकड़ा 15 लाख पार पहुंच गया है। तीर्थ पुरोहित और स्‍थानीय व्‍यापारी धामों में दर्शनों के लिए पहुंचने वाले तीर्थयात्रियों की संख्‍या सीमित करने का कर रहे थे विरोध। सरकार ने बदरीनाथ धाम के लिए 18000, केदारनाथ के लिए 15000, गंगोत्री के लिए 9500 और यमुनोत्री के लिए 5500 संख्‍या निर्धारित की थी। अब प्रतिदिन दर्शन का कोटा खत्म कर दिया गया है।

यात्रा के लिए पंजीकरण अनिवार्य रखा गया है। आनलाइन के साथ ही आफलाइन पंजीकरण भी किए जाएंगे। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए इस बार पर्यटन विभाग ने 21 फरवरी से ही पंजीकरण शुरू कर दिया था। अब तक यात्रा के लिए 15.14 लाख से अधिक यात्रियों ने पंजीकरण करा लिया है। इसमें केदारनाथ धाम के लिए 5.41 लाख, बदरीनाथ धाम के लिए 4.56 लाख, गंगोत्री धाम के लिए 2.77 लाख, यमुनोत्री धाम के लिए 2.40 लाख यात्री पंजीकरण करा चुके हैं। शनिवार को गंगोत्री और यमुनोत्री धाम के कपाट खुलने के साथ ही चारधाम यात्रा शुरू हो जाएगी। 25 अप्रैल को केदारनाथ धाम और 27 अप्रैल को बदरीनाथ धाम के कपाट खुलने पर यात्रा अपने पूर्ण स्‍वरूप में आएगी।