कोरोना के नए वेरिएंट को लेकर स्वास्थ्य महकमा अलर्ट, सचिवालय में लगा बूस्टर डोज कैंप..CM ने किया अवलोकन

Spread the love

देहरादूनः देश में कोरोना वायरस को लेकर खतरा बढ़ने की संभावना को देखते हुए उत्तराखंड सरकार ने भी एहतियातन एडवाइजरी जारी कर दी है। इसी कड़ी में बूस्टर डोज लगाने में तेजी भी दिखाई देने लगी है। आज से देहरादून सचिवालय में भी बूस्टर डोज कैंप की शुरुआत कर दी गई। सचिवालय में आज तमाम सचिवालय कर्मी और मीडिया कर्मियों ने बूस्टर डोज लगवाई। इस दौरान लोगों ने भी पिछले लॉकडाउन के हालातों को याद करते हुए इस बार पहले ही सतर्क रहने की बात कही। स्वास्थ्य कर्मियों ने भी लोगों से बूस्टर डोज लगवाने की अपील की।

वही मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आज सचिवालय में COVID19 के बूस्टर डोज के लिए लगाए गए कैम्प का अवलोकन किया। उन्होंने प्रदेशवासियों से अपील की है कि जिन लोगों ने अभी बूस्टर डोज नहीं लगवाई है, बूस्टर डोज जरूर लगवाएं। इसके लिए नियमित कैम्प लगाए जायेंगे। उत्तराखंड सरकार ने प्रदेश के सभी सीएमओ और जिलाधिकारियों के लिए गाइडलाइन जारी करते हुए वैक्सीनेशन पर जोर देने के निर्देश दिए हैं। इसके अलावा स्वास्थ्य सचिव आर राजेश कुमार की ओर से जारी गाइडलाइन के बाद अब प्रदेश के कई जगहों पर लगाए जा रहे वैक्सीनेशन कैंपों को पूरी तरह से सक्रिय कर दिया गया है।