उत्तराखंड के देवप्रयाग में जैसलमेर के एक परिवार के साथ दर्दनाक हादसा हो गया। देवप्रयाग क्षेत्र के चकासा स्थित गंगा होटल दर्शन के समीप एक इनोवा वाहन 200 मीटर गहरी खाई में गिरने के बाद गंगा नदी में गिर गया। चारधाम यात्रा के चलते बदरीनाथ से लौट रहा यह वाहन चालक सहित जैसलमेर राजस्थान के दो परिवारों के कुल सात लोगों को साथ लेकर दुर्घटनाग्रस्त हुआ। पुलिस व एसडीआरएफ की टीम ने मौके पर पहुंचकर गभीर घायल 12 वर्षीय बालक को निकालकर बेस अस्पताल श्रीनगर पहुंचाया। जबकि देर शाम तक दो पुरुषों सहित एक महिला का शव घटना स्थल से निकाला गया। इसके अलावा चार अन्य लोग लापता हैं।
थाना प्रभारी देवप्रयाग प्रशांत बहुगुणा ने बताया कि मंगलवार सुबह 10 बजे देवप्रयाग से पांच किमी आगे बदरीनाथ धाम से लौट रहा एक वाहन (इनोवा) मिट्टी के पांच फीट ऊंचे ढेर को पार कर तेज ढलान से 200 मीटर नीचे लुढ़कता हुआ गंगा में समा गया। सूचना पर पहुंची पुलिस व एसडीआरएफ की टीम रेस्क्यू में जुट गई। व्यासी से पहुंचे गोताखोरों ने गंगा में खोज अभियान शुरू किया। ढलान पर कार से छिटके घायल बालक को तत्काल सड़क तक लाकर बेस अस्पताल पहुंचाया गया। वहीं दो पुरुष और दो महिलाओं के शव मिल गए, जबकि अन्य तीन महिलाओं की तलाश जारी है। देवप्रयाग तहसीलदार वीरम सिंह पंवार ने बताया कि कार में जैसलमेर (राजस्थान) निवासी गुड्डी, अषलेशा, नम्रता, बच्चा आयुष्मान और पुत्री जाह्नवी सहित डॉ.दिनेश पंवार व उनकी पत्नी कमला व कार चालक अमित गुप्ता सवार थे।