चमोली नमामि गंगे प्रोजेक्ट हादसा: दरोगा समेत 16 की मौत, 11 झुलसे..घायलों का हाल जानने ऋषिकेश AIIMS पहुंचे सीएम धामी

Share

उत्तराखंड के चमोली में बुधवार सुबह बड़ा हादसा हो गया। चमोली बाजार के पास अलकनंदा नदी के किनारे नमामि गंगे प्रोजेक्ट की साइट पर अचानक करंट फैल गया। दर्दनाक हादसे में 16 लोगों की मौत हो गई है। कई लोग बुरी तरह झुलसे हैं। मृतकों में पीपलकोटी चौकी प्रभारी प्रदीप रावत और होमगार्ड मुकंदीलाल भी शामिल हैं। चमोली आपदा प्रबंधन अधिकारी नंद किशोर जोशी ने बताया कि अब तक 16 लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है। वहीं 11 लोग झुलसे हैं। जिसमें से छह लोगों को एम्स ऋषिकेश भेजा गया है। वहीं, पांच लोग जिला अस्पताल में भर्ती हैं। एम्स अस्पताल प्रबंधन ने घायलों के बेहतर इलाज के लिए ट्रामा सर्जन, डॉक्टरों सहित, इमरजेंसी मेडिसिन और बर्न और प्लास्टिक विभाग के विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम गठित की है।

इसी बीच मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी भी घायलों का हालचाल जानने ऋषिकेश एम्स पहुंचे। इस दौरान उनके साथ वित्त मंत्री प्रेम चंद अग्रवाल, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेन्द्र प्रसाद भट्ट, ऋषिकेश मेयर अनिता ममगाईं और स्थानीय प्रशासन के अधिकारी मौजूद रहे। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने चमोली घटना में मृतकों के आश्रितों को 5-5 लाख रुपये और घायलों को 1-1 लाख रुपए की राहत राशि अविलंब प्रदान करने के निर्देश दिए हैं। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने फोन कर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से चमोली घटना के संबंध में जानकारी ली। मुख्यमंत्री ने स्थिति की जानकारी देते हुए बताया कि मजिस्ट्रियल जांच के आदेश दे दिए गए हैं। घायलों को एम्स ऋषिकेश हेलीकॉप्टर से लाया गया है। प्रधानमंत्री कार्यालय को भी घटना की पूरी जानकारी दी गई है।

मुख्यमंत्री के निर्देश पर जिलाधिकारी चमोली ने अपर जिलाधिकारी चमोली को एक सप्ताह के अन्दर घटना की विस्तृत मजिस्ट्रियल जांच करने के आदेश दिये हैं। मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि इस घटना की विस्तृत जांच के साथ ही इसमें पाई जाने वाली लापरवाही के जिम्मेदार लोगों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। चमोली के ऊर्जा निगम के अधिशासी अभियंता अमित सक्सेना ने बताया कि बीती रात को बिजली का तीसरा फेस डाउन हो गया था। बुधवार को सुबह तीसरे फेज को जोड़ा गया, जिसके बाद सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट परिसर में करंट दौड़ गया। ट्रांसफार्मर से लेकर मीटर तक कहीं एलटी और एसटी के तार नहीं टूटे हैं, मीटर के बाद तारों में करंट दौड़ा है।

मृतकों की सूची

  1. उप निरीक्षक प्रदीप रावत चौकी पीपलकोटी।
  2. होमगार्ड मुकंदे राम पुत्र श्यामदास निवासी हरमानी चमोली उम्र 55।
  3. होमगार्ड गोपाल पुत्र माधव सिंह निवासी ग्राम रूपा चमोली उम्र 57 वर्ष।
  4. होमगार्ड सोबत लाल निवासी ग्राम पाडुली।
  5. सुमित पुत्र स्वर्गीय चंद्र सिंह अस्वाल निवासी ग्राम रांगतोली चमोली उम्र 25 वर्ष।
  6. सुरेंद्र पुत्र विजय लाल निवासी हरमानी चमोली उम्र उम्र 33।
  7. देवी लाल पुत्र असील दास निवासी हर्मनी उम्र 45 वर्ष।
  8. योगेंद्र सिंह पुत्र महिपाल सिंह निवासी हर्मनी।
  9. सुरेंद्र सिंह रावत पुत्र स्वर्गीय गोपाल सिंह निवासी हर्मनी उम्र 38 वर्ष।
  10. विपिन पुत्र सोबत निवासी पाटोली गोपेश्वर उम्र 26 वर्ष।
  11. मनोज कुमार निवासी हर्मनी उम्र 38 वर्ष।
  12. सुखदेव पुत्र एलम दास ग्राम रंगतोली चमोली उम्र 33 वर्ष।
  13. प्रमोद कुमार पुत्र सुदामा लाल निवासी हर्मनी।
  14. दीपू कुमार पुत्र महेंद्र लाल निवासी हर्मनी उम्र 33।
  15. महिपाल पुत्र दुर्लप सिंह निवासी ग्राम रंगतोली उम्र 60 वर्ष।
  16. गणेश पुत्र महेंद्र लाल 27 साल रंगतोली।

एम्स भेजे गए झुलसे लोगों की सूची

  1. संदीप मेहरा पुत्र सुलोचन लाल उम्र 34 वर्ष निवासी रुद्रप्रयाग जल संस्थान गोपेश्वर में कार्यरत।
  2. सुशील पुत्र सुदामा लाल उम्र 27 वर्ष निवासी हरमनी गोपेश्वर चमोली।
  3. आनंद पुत्र गम्मा लाल उम्र 42 वर्ष निवासी पाडूली गोपेश्वर चमोली।
  4. नरेंद्र लाल पुत्र असील दास उम्र 35 वर्ष निवासी हरमनी गोपेश्वर चमोली।
  5. सुभाष खत्री पुत्र दौलत खत्री उम्र 27 वर्ष निवासी रांगगतोली चमोली।
  6. राम चंद्र पुत्र पुष्कर लाल उम्र 48 वर्ष निवासी खेनुरी गोपेश्वर चमोली।