चंपावत:लोहाघाट में फिर मिला किंग कोबरा,नैनीताल से पहाड़ों तक क्यों बढ़ रही दस्तक? | Uttarakhand News

Spread the love

चंपावत जिले के लोहाघाट क्षेत्र में एक बार फिर विशालकाय किंग कोबरा दिखाई देने से स्थानीय ग्रामीणों में भारी दहशत फैल गई। यह सनसनीखेज मामला लोहाघाट के कर्ण करायत क्षेत्र का है, जहां एक विशाल किंग कोबरा एक आवासीय मकान की ओर बढ़ते देखा गया। सांप पर नजर पड़ते ही ग्रामीणों ने शोर मचाया, जिसके बाद कोबरा सड़क के नीचे बने पानी की निकासी वाले ह्यूम पाइप (Hume Pipe) में जा छिपा। ग्रामीणों ने मुस्तैदी दिखाते हुए उसे पाइप के भीतर ही बंद कर दिया और तुरंत इसकी सूचना वन विभाग को दी। वन क्षेत्राधिकारी के निर्देश पर मौके पर पहुंची रेस्क्यू टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद करीब 12 फीट लंबे इस किंग कोबरा को सुरक्षित रेस्क्यू कर गहरे जंगल में छोड़ दिया, जिसके बाद ग्रामीणों ने राहत की सांस ली।

पर्वतीय क्षेत्रों में लगातार किंग कोबरा मिलने की बढ़ती घटनाएं पर्यावरणविदों और वैज्ञानिकों के लिए भी चिंता का विषय बनी हुई हैं। लोहाघाट के कर्ण करायत के अलावा हाल ही में पाटी विकासखंड के खेतीखान, चिड़ियादूंगा और लोहरली गांवों में भी भारी भरकम किंग कोबरा का रेस्क्यू किया जा चुका है। विशेषज्ञों के अनुसार, जलवायु परिवर्तन और वैश्विक तापमान में बढ़ोतरी के कारण अब पहाड़ों का मौसम इन सरीसृपों के अनुकूल होने लगा है। इसके अलावा जंगलों में इंसानी दखल बढ़ने और भोजन (दूसरे सांपों) की तलाश में ये जीव आबादी वाले क्षेत्रों का रुख कर रहे हैं। वन विभाग ने स्थानीय लोगों को खेतों और गौशालयों के आसपास विशेष सतर्कता बरतने और सांप दिखने पर तत्काल वन्यजीव टीम को सूचित करने की अपील की है।