Chardham Yatra: चरम पर उत्साह, 13 दिन में 8.85 लाख से ज्यादा श्रद्धालुओं ने की चारधाम यात्रा

Share

उत्तराखंड में चारधाम यात्रा में अपार भीड़ उमड़ रही है। ऐसे में बिना रजिस्ट्रेशन के यात्रा पर आने वाले श्रद्धालुओं को रोका जा रहा है, जिससे कई लोगों को बिना दर्शन किए ही वापस लौटना पड़ रहा है। Uttarakhand Chardham Yatra 2024 इधर, ऑफलाइन पंजीकरण बंद होने से कई तीर्थ यात्री ऋषिकेश रुके हुए हैं। हर दिन करीब 60 हजार से अधिक श्रद्धालु चारों धामों के दर्शन कर रहे हैं। सबसे ज्यादा केदारनाथ और यमुनोत्री में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ रही है। 10 मई से शुरू हुई चारधाम यात्रा में अभी तक साढ़े 8 लाख से ज्यादा श्रद्धालु पहुंच चुके हैं। केदारनाथ में अभी तक सबसे ज्यादा श्रद्धालु पहुंचे है। बुधवार को बाबा केदार के दर पर 33,715 श्रद्धालुओं ने माथा टेका है। जिसमें से 21,999 पुरुष, 11,190 महिलाएं और 526 बच्चे है। 10 मई से अभी तक 3,91,590 श्रद्धालु केदारनाथ धाम के दर्शन कर चुके हैं।

बदरीनाथ के कपाट 12 मई को श्रद्धालुओं के दर्शनार्थ हेतु खोले गए। भगवान बदरी-विशाल के दर्शन के लिए भी भक्तों की भारी भीड़ धाम पहुंच रही है। बुधवार को 20,180 श्रद्धालुओं ने दर्शन किए। जिसमें पुरुष 11,884 महिला 7535 और बच्चे 716 हैं। अभी तक कुल 1,78,521 श्रद्धालु भगवान बदरी विशाल के दर्शन कर चुके हैं। गंगोत्री धाम में बुधवार को 13,252 श्रद्धालुओं ने दर्शन किएजिसमें से 7081 पुरुष और 5993 महिलाएं और 178 बच्चे हैं। गंगोत्री में अभी तक 1,51,490 श्रद्धालुओं ने दर्शन कर लिए हैं। उत्तराखंड के यमुनोत्री धाम में बुधवार को 12,305 श्रद्धालुओं ने मां यमुना के दर्शन किए। जिसमें से 5942 पुरुष, 6174 महिलाएं और 189 बच्चे भी शामिल हैं। 10 मई से अभी तक मां यमुना के दर्शन 1,64,132 श्रद्धालु कर चुके हैं। 10 मई से शुरू हुई चारधाम यात्रा में अभी तक 8,85,733 श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंच चुके हैं।