Haldwani: विजिलेंस ने अधिशासी अभियन्ता को रिश्वत लेते रंगे हाथ किया गिरफ्तार, इस ऐवज मे मांग रहा था घूस

हल्द्वानी में विजिलेंस टीम ने लघु सिंचाई विभाग के एग्जीक्यूटिव इंजीनियर को एक रिजॉर्ट में 50 हजार रुपए रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया।

Share

विजिलेंस हल्द्वानी कुमाऊं की टीम ने लघु सिंचाई के अधिशासी अभियंता को 50 हजार की रिश्वत लेते गिरफ्तार किया है। Engineer Arrested For Taking Bribe बताया गया कि ठेकेदार के बिल पास करने के एवज में अधिशासी अभियंता द्वारा रिश्वत मांगी गई थी। सीओ विजिलेंस अनिल सिंह मनराल के नेतृत्व में गिरफ्तारी की कार्रवाई की गई है। अनिल सिंह मनराल ने बताया कि विजिलेंस टीम द्वारा शिकायतकर्ता की शिकायत पर लघु सिंचाई खंड नैनीताल के अधिशासी अभियन्ता कृष्ण सिंह कन्याल निवासी लॉर्ड कृष्णा ग्रीन प्रथम तल वी-109 केदारपुरम मोथरो वाला देहरादून, हाल निवासी मुकुल विहार सिजवाली काम्पलेक्स बी-5 प्रथम तल तल्ली बमौरी, लालडांठ बाईपास रोड हल्द्वानी नैनीताल को गिरफ्तार किया है।

शिकायतकर्ता ने सतर्कता अधिष्ठान में शिकायत की थी कि वह सिंचाई विभाग के ठेकेदार हैं। पिछले वर्ष ग्राम सेलिया में लघु सिंचाई विभाग की गूल निर्माण का ठेका लिया गया था। लगभग 10 लाख रुपये का कार्य शिकायतकर्ता द्वारा किया गया। जिसका पूर्व भुगतान उन्हें दो बार में किया गया। आरोप था कि इसी भुगतान के एवज में लघु सिंचाई विभाग के अधिशासी अभियंता कृष्ण सिंह कन्याल द्वारा रिश्वत की मांग की जा रही थी। प्रार्थी रिश्वत नहीं देना चाहता था। उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई चाहता था। उक्त शिकायत पर जांच कराने पर तथ्य सही पाये जाने पर ट्रैप टीम का गठन किया गया। टीम द्वारा नियमानुसार कार्रवाई करते हुये 22 मई बुधवार देर शाम लघु सिंचाई खंड नैनीताल के अधिशासी अभियन्ता कृष्ण सिंह कन्याल को रिजॉर्ट, नया गांव कालाढुंगी नैनीताल के परिसर से 50,000 की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया गया है।