मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने दिल्ली विधानसभा चुनाव प्रचार के दौरान भाजपा प्रत्याशियों के पक्ष में जबरदस्त प्रचार किया। Delhi Assembly Election उन्होंने बवाना में भाजपा प्रत्याशी रविन्द्र कुमार के समर्थन में जनता को संबोधित किया, वहीं उत्तमनगर में भाजपा प्रत्याशी पवन शर्मा के समर्थन में जनसंपर्क कर लोगों से भाजपा को प्रचंड बहुमत से जिताने की अपील की। मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि दिल्ली में आम आदमी पार्टी और कांग्रेस तुष्टीकरण और राष्ट्रविरोधी एजेंडे को आगे बढ़ाने का काम कर रही हैं। आज आम आदमी पार्टी भ्रष्टाचार में कांग्रेस से भी आगे बढ़ गई है। फ्री पानी का वादा कर सत्ता में आई आम आदमी पार्टी के कार्यकाल में ही दिल्ली में टैंकर माफिया पनपे हैं। आज दिल्ली की 40 प्रतिशत आबादी टैंकरों पर निर्भर है।
आम आदमी पार्टी और कांग्रेस पर तीखा प्रहार करते हुए कहा कि “खोखले वादों और जनता को ठगने की दुकान अब बंद होने जा रही है।” उन्होंने कहा कि दिल्ली की जनता अब भ्रष्टाचार और कुशासन से ऊब चुकी है और इस बार भाजपा की डबल इंजन सरकार बनाने के लिए पूरी तरह से तैयार है। मुख्यमंत्री धामी ने दिल्लीवासियों से भाजपा के पक्ष में समर्थन देने की अपील करते हुए कहा कि डबल इंजन सरकार दिल्ली के विकास में तेजी लाने के साथ-साथ एक स्थिर और मजबूत शासन सुनिश्चित करेगी। उन्होंने कहा कि भाजपा की सरकार जनता से किए गए वादों को पूरा करने के लिए प्रतिबद्ध है और दिल्ली को स्वच्छ, सुरक्षित और समृद्ध बनाने की दिशा में कार्य करेगी।
उन्होंने कहा कि केजरीवाल अपनी नाकामी छिपाने के लिए हरियाणा पर यमुना की बदहाली का ठिकरा फोड़ते हैं। केजरीवाल को जवाब देना चाहिए कि यमुना की सफाई के लिए मिले 8500 करोड़ आखिर कहां गए। उन्होंने कहा कि कोविड काल में शीशमहल में ही बैठकर केजरीवाल और उनके सहयोगियों ने शराब घोटाले की स्क्रिप्ट लिखी। केजरीवाल का एजेंडा सनातन धर्म का अपमान है। लोगों को समझना चाहिए कि अलग-अलग होने का नाटक करने वाले आप और कांग्रेस एक ही है। ये दोनों पार्टियां भ्रष्टाचार, तुष्टिकरण और हिंदू विरोध में एक-दूसरे के साझेदार हैं। मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि छोटी-छोटी घटनाओं पर कैंडल मार्च और धरना प्रदर्शन करने वाले ये लोग बांग्लादेश में हिंदू नरसंहार पर चुप्पी साध लेते हैं और शाहिनाबाग पर टुकड़े-टुकड़े गैंग का समर्थन करते हैं।