पीपलकोटी में गूंजा ‘मातृशक्ति’ का जयघोष: सीएम धामी ने चमोली को दी ₹149.77 करोड़ की सौगात

Spread the love

उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने चमोली जिले के पीपलकोटी में आयोजित ‘मातृशक्ति सम्मेलन’ में शिरकत करते हुए क्षेत्र को ₹149.77 करोड़ की विभिन्न विकास योजनाओं की बड़ी सौगात दी। कार्यक्रम से पहले मुख्यमंत्री ने पीपलकोटी बाजार में एक भव्य रोड शो किया, जहां पारंपरिक वेशभूषा में सजी सैकड़ों महिलाओं ने कलश यात्रा, लोक वाद्ययंत्रों और पुष्पवर्षा के साथ उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने मातृशक्ति को उत्तराखंड के विकास की आधारशिला बताया और कहा कि राज्य सरकार महिला सशक्तिकरण के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। दौरे के दौरान मुख्यमंत्री ने चमोली जनपद के सर्वांगीण विकास के लिए कुल 30 परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। इनमें करीब ₹133.59 करोड़ की लागत से बनने वाली 16 नई विकास योजनाओं का शिलान्यास शामिल है, जबकि ₹16.18 करोड़ की लागत से बनकर तैयार हो चुकी 14 महत्वपूर्ण परियोजनाओं का लोकार्पण कर उन्हें जनता को समर्पित किया गया।

इन योजनाओं से सीमांत जनपद चमोली में बुनियादी ढांचे, सड़क संपर्क और जनसुविधाओं को नई गति मिलने की उम्मीद है। सम्मेलन के दौरान मुख्यमंत्री ने कृषि, मधुमक्खी पालन, बांस उत्पाद निर्माण, पर्यावरण संरक्षण और नशामुक्ति के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाली स्थानीय महिलाओं तथा ‘लखपति दीदियों’ को सम्मानित किया। इसके साथ ही मोटे अनाज (मिलेट्स) के उत्पादन में उल्लेखनीय योगदान देने वाली महिला किसानों को जिला स्तरीय ‘किसान भूषण पुरस्कार’ प्रदान किया गया और विभिन्न सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों को सहायता राशि के चेक वितरित किए गए। इस अवसर पर हाईस्कूल की मेधावी छात्राओं के साथ-साथ लोक संस्कृति को सहेजने वाली मांगल गीत गायिका नन्दा सती और कवयित्री सुरभी देवी को भी विशेष रूप से सम्मानित किया गया।