देहरादून: पहली बार उत्तराखंड दौरे पर आईं राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने मुख्यमंत्री आवास में नागरिक अभिनंदन कार्यक्रम में 2001.94 करोड़ रुपये की नौ विकास योजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। इसमें 528.35 करोड़ रुपये की तीन योजनाओं का लोकार्पण और 1473.59 करोड़ की छह योजनाओं का शिलान्यास शामिल है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने राष्ट्रपति को कंडाली के रेशों से बनी हुई शॉल भेंट की। इस शॉल पर उत्तराखंड की प्राचीन लोककला शैली थापे को उकेरा गया है। साथ ही राष्ट्रपति को उत्तराखंड की लोक कला शैली थापे और ऐपण के मिश्रण से तैयार स्मृति चिन्ह भी भेंट किया गया।
राज्य की कला संस्कृति के संरक्षण, संवर्धन और उससे नई पीढ़ी को जोड़ते हुए इस कला को पहचान और बाजार दिलाने की दिशा में यह मुख्यमंत्री की सराहनीय पहल है। बताते चलें कि राष्ट्रपति के उत्तराखंड दौरे को देखते हुए उनको भेंट के रूप में देने के लिए उत्तराखंडी कला संस्कृति और शैली का कुछ अलग उपहार निर्मित कराने के लिए मुख्यमंत्री ने जिलाधिकारी देहरादून को निर्देश दिए थे जो उनके द्वारा तैयार कराकर प्रस्तुत किया गया था। नागरिक अभिनंदन समारोह में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू उत्तराखंड के जनजातीय क्षेत्रों से आए सांस्कृति दलों के थारो, रासो और हारुल लोकनृत्यों को देख अभिभूत हो गईं। सांस्कृतिक दलों की मनमोहक प्रस्तुतियों पर मुग्ध राष्ट्रपति ने उन्हें बढ़ावा देने की जोरदार वकालत की।