उत्‍तराखंड में फिलहाल कहीं बारिश नहीं, चटख धूप खिलने से बढ़ने लगा तापमान; आज ऐसा रहेगा मौसम का मिजाज

Spread the love

उत्तराखंड में अगले कुछ दिनों तक मौसम शुष्क रहने का पूर्वानुमान है, जबकि पर्वतीय क्षेत्र में कहीं-कहीं आंशिक बादल छा सकते हैं। Uttarakhand Today Weather Update मौसम विभाग के अनुसार, दून समेत ज्यादातर क्षेत्रों में अगले कुछ दिन मौसम शुष्क बना रह सकता है। मैदानी क्षेत्रों में हल्का कुहासा छाने के आसार हैं। 17 और 18 फरवरी को चोटियों पर हल्का हिमपात हो सकता है। वहीं मैदानी क्षेत्रों में कोहरा अब कम लग रहा है और दिन में धूप खिल रही है। खास बात यह है कि प्रदेश में इसके कारण तापमान भी सामान्य के आसपास ही दिखाई देगा। उत्तराखंड में मैदानी जनपदों से लेकर पर्वतीय जनपदों तक में अधिकतम तापमान में बढ़ोतरी दिखाई देने लगी है। इसकी वजह प्रदेश में बारिश और बर्फबारी का ना होना है।

मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक विक्रम सिंह के अनुसार अगले कुछ दिनों तक प्रदेश में मौसम शुष्क रह सकता है। 17 फरवरी को ताजा पश्चिमी विक्षोभ के उत्तराखंड पहुंचने के कारण मौसम में बदलाव आने की संभावना है। जिससे चोटियों पर हल्के हिमपात और वर्षा के आसार हैं। फरवरी महीने के तीसरे हफ्ते की शुरुआत भी साफ मौसम से होने जा रही है। हालांकि इसी महीने शुरुआत में कई जगहों पर बर्फबारी और बारिश भी देखने को मिली थी, जिसके बाद तापमान में कमी आई थी, लेकिन उसके बाद लगातार मौसम शुष्क बना हुआ है और बारिश न होने के कारण तापमान भी बढ़ रहा है। भले ही तापमान बढ़ने के कारण ठंड से कुछ राहत लोगों को मिली हो लेकिन बारिश और बर्फबारी नहीं होने के कारण इस बार सर्दी का मौसम सूखा ही निकल रहा है।