Doctors Day 2025: CM धामी ने डॉक्टर और मेडिकल फैकल्टी के लिए की 5 बड़ी घोषणाएं, 25 डॉक्टरों को मिला ‘डॉक्टर ऑफ द ईयर’

Spread the love

सीएम धामी ने सभी चिकित्सकों का आह्वान करते हुए कहा कि डॉक्टरी का पेशा केवल एक व्यवसाय नहीं, बल्कि एक “नोबल प्रोफेशन” है, जो सेवा, संवेदना और समर्पण का प्रतीक है। National Doctors Day 2025 उन्होंने कहा कि जनता के मन में डॉक्टर के प्रति जो आस्था, सम्मान और श्रद्धा है, उसे और मजबूत करें। सभी चिकित्सकों से अनुरोध है कि अपने आचरण, सेवा और समर्पण से हमेशा अपनी उस छवि को जीवित रखें, जो समाज ने डॉक्टर को ‘धरती का भगवान’ कहकर दी है। मुख्यमंत्री आवास में डॉक्टर्स डे पर आयोजित कार्यक्रम पर सभी चिकित्सको को राष्ट्रीय डॉक्टर्स डे बधाई एवं शुभकामनाएँ देते हुए मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि आप लोग अपनी सेवा, समर्पण और करुणा से अनगिनत लोगों के जीवन को संजीवनी प्रदान करते हैं। भारतीय संस्कृति में ज्ञान, विज्ञान और अध्यात्म का एक अद्वितीय संगम देखने को मिलता है, हमारी संस्कृति केवल आस्था और विश्वास पर ही आधारित नहीं है बल्कि ये गहरे वैज्ञानिक दृष्टिकोण, चिंतन और शोध का परिणाम भी है। मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम में आए प्रत्येक चिकित्सक से मिलकर उनसे बातचीत की तथा उन्हें सम्मानित किया।

स्वास्थ्य मंत्री धन सिंह रावत ने कहा कि उत्तराखंड सरकार इसी साल से ‘डॉक्टर ऑफ द ईयर’ की तर्ज पर मेडिकल फैकल्टी के लिए 5 चरक अवार्ड और उत्कृष्ट डॉक्टर के लिए 5 सुश्रुत अवार्ड शुरू करेगी। जिसके लिए धनराशि का भी प्रावधान किया गया है। प्रत्येक अवार्ड के लिए राज्य सरकार 1,00,000, 75,000 और 50,000 के साथ 25-25 हजार रुपए की धनराशि भी प्रदान करेगी। जिन डॉक्टर या मेडिकल फैकल्टी को यह अवार्ड मिलेगा, उनको ट्रांसफर के मामले में 2 साल की छूट भी दी जाएगी। साथ ही एक साल अध्ययन के लिए विदेश भेजने की व्यवस्था करने की घोषणा की गई। मंत्री रावत ने कहा कि साल 2025 के आखिर तक सभी सरकारी मेडिकल कॉलेजों में सभी पदों में नियुक्ति हो जाएगी। साथ ही पदोन्नति को भी शत प्रतिशत पूरा कर लिया जाएगा। प्रदेश में विशेषज्ञ डॉक्टरों का एक अलग से काडर बनाया जाएगा। जबकि, पर्वतीय भत्ता 50 फीसदी किया जाएगा। उन्होंने इस साल के आखिर तक सभी मेडिकल कॉलेज में मेडिकल फैकल्टी के लिए शत प्रतिशत आवास बनाने की घोषणा भी की।