उत्तराखंड: प्रदेश का हर थाना होगा महिला फ्रेंडली, हर थाने में तैनात होंगी महिला एसआई और चार महिला आरक्षी

Spread the love

देहरादून: उत्तराखंड पुलिस लगातार प्रदेश में बढ़ रहे अपराध को रोकने के लिए बड़े कदम उठा रही है। इसी कड़ी में डीजीपी अशोक कुमार ने परिक्षेत्र एवं जनपद प्रभारियों के साथ समीक्षा बैठक की। इस दौरान उन्होंने हर थाने को महिला फ्रेंडली बनाने और भर्ती परिक्षाओं को लेकर कई बड़े निर्देश दिए। बताया जा रहा है कि प्रदेश के हर थाने में महिला SI और चार महिला आरक्षी तैनात होंगी। महिला SI थाने/चौकी प्रभारी की भी जिम्मेदारी होगी। प्रदेश के प्रत्येक थाने में एक महिला उपनिरीक्षक और 04 महिला आरक्षियों की नियुक्ति की जाएगी। व्हाट्सएप पर छुट्टी के लिए आवेदन करने की व्यवस्था को अनिवार्य रूप से लागू करने को निर्देशित किया गया है।

डीजीपी ने कहा कि उत्तराखंड पुलिस मंथन-समाधान एवं चुनौतियां के तहत आयोजित वर्टिकल इंटरैक्शन में ऑपरेशनल, प्रशासनिक और पुलिसकर्मियों के कल्याण का स्तर बढ़े इसी हेतु काफी सुझाव हमें प्राप्त हुए। जिस सम्बन्ध में काफी सुझावों का संज्ञान लेते हुए आदेश जारी किये गये हैं। छुट्टी जवानों का बेसिक अधिकार है, वह उन्हें खुशी-खुशी दे दी जाए। पुलिस कर्मियों द्वारा अपने या अपने परिवार के किसी सदस्य के जन्मदिन एवं सालगिराह पर आकस्मिक अवकाश हेतु अनुरोध किया जाता है, तो उन्हें तुरंत अवकाश दिया जाए। व्हाट्सएप पर छुट्टी के लिए आवेदन करने की व्यवस्था को अनिवार्य रूप से लागू करने हेतु समस्त जनपद प्रभारियों को निर्देशित किया गया है।