ऋषिकेश हाईवे पर डंपर ने कार को मारी टक्कर, 3 महिलाओं समेत पांच लोग गंभीर रूप से घायल

Spread the love

ऋषिकेश-बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर मालाकुंती के समीप एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है। तेज रफ्तार डंपर और एक स्विफ्ट कार की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। Accident On Rishikesh Highway टक्कर इतनी भीषण थी कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह चकनाचूर हो गया और उसमें सवार लोग अंदर ही बुरी तरह फंस गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग एकत्र हो गए। स्थानीय लोगों ने तुरंत घटना की जानकारी पुलिस और आपदा राहत दल को दी। सूचना मिलते ही SDRF पोस्ट ब्यासी की टीम मुख्य आरक्षी मोहन सिंह के नेतृत्व में आवश्यक उपकरणों के साथ फौरन घटनास्थल पर पहुंची।

कार के बुरी तरह क्षतिग्रस्त होने के कारण उसमें फंसे यात्रियों को बाहर निकालना एक बड़ी चुनौती थी। एसडीआरएफ के जवानों ने कड़ी मशक्कत और सूझबूझ से कार की बॉडी को काटकर अंदर फंसे तीन महिलाओं और दो पुरुषों को सुरक्षित बाहर निकाला। रेस्क्यू किए गए सभी पांचों लोगों को गंभीर चोटें आई हैं। एसडीआरएफ की टीम ने प्राथमिक प्रक्रिया के बाद 108 एम्बुलेंस की मदद से सभी घायलों को तत्काल नजदीकी अस्पताल भिजवाया, जहां डॉक्टरों की देखरेख में उनका उपचार जारी है। पुलिस ने दोनों वाहनों को कब्जे में लेकर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।