आयुक्त गढ़वाल मंडल आनंद स्वरूप ने रुद्रप्रयाग पहुंचकर श्री केदारनाथ धाम यात्रा व्यवस्थाओं एवं आगामी मानसून सीजन के दौरान संभावित आपदाओं से निपटने हेतु की गई तैयारियों की व्यापक समीक्षा की है. जिला कार्यालय सभागार में आयोजित बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारियों से यात्रा के दौरान सामने आ रही समस्याओं, चुनौतियों तथा उनके निराकरण हेतु सुझाव भी प्राप्त किए गए. बैठक में जिलाधिकारी रुद्रप्रयाग विशाल मिश्रा ने आयुक्त गढ़वाल को अवगत कराया कि यात्रा प्रारंभ होने के बाद अब तक 10 लाख से अधिक श्रद्धालु बाबा केदार के सुगम दर्शन कर चुके हैं। यात्रा अवधि के दौरान एक लाख से अधिक श्रद्धालुओं को चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। उन्होंने बताया कि यात्रा कंट्रोल रूम के माध्यम से चौबीसों घंटे निगरानी की जा रही है तथा स्वास्थ्य, विद्युत, पेयजल, परिवहन, सुरक्षा एवं आपदा प्रबंधन से संबंधित सभी व्यवस्थाएं सुचारू रूप से संचालित की जा रही हैं।