उत्तराखंड के देवप्रयाग विधानसभा के विधायक विनोद कंडारी की पहल का हर कोई स्वागत कर रहा है। विधायक विनोद कंडारी अपने क्षेत्र के 10वीं के मेधावी छात्रों को शैक्षिक भ्रमण करा रहे हैं। जो कि एक सराहनीय कदम है। इस दौरान विधायक करीब 75 बच्चों को हर साल भारत के प्रतिष्ठित संस्थान, व्यक्तियों और जगहों से रूबरू करा रहे हैं। विधायक की इस पहल का सीएम धामी ने भी स्वागत किया है।
विधायक विनोद कण्डारी ने बताया कि 19 दिसम्बर 2022 तक देवप्रयाग विधानसभा के हाईस्कूल में उच्च स्थान प्राप्त करने वाले बच्चों को विभिन्न स्थानों पर शैक्षिक भ्रमण कराया जा रहा है। शैक्षिक संस्थानों के अलावा इन मेधावी छात्रों को औद्योगिक एवं अन्य संस्थानों का भ्रमण भी कराया जायेगा। विनोद कंडारी ने बताया कि बच्चों को ऋषिकेश के बाद लखनऊ भ्रमण पर लाया गया। यहां बच्चे यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ से मिले।लखनऊ में प्रतिष्ठित संस्थानों के बाद बच्चों को अयोध्या भ्रमण कराया जाएगा।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भारत दर्शन पर जा रहे विधानसभा क्षेत्र देवप्रयाग के मेधावी छात्रों से भेंट की। उन्होंने कहा कि देवप्रयाग के विधायक विनोद कंडारी द्वारा मेधावी बच्चों को शैक्षिक भ्रमण पर ले जाने का सराहनीय कार्य किया जा रहा है। मेधावी छात्रों को भारत भ्रमण में नई-नई चीजें सीखने को मिलेंगी। भारत दर्शन करने के साथ-साथ ये भविष्य दर्शन भी करेंगे। उन्होंने कहा कि राज्य के अन्य मेधावी छात्रों को भी इस तरह से भारत भ्रमण पर ले जाने के लिए भविष्य में राज्य सरकार की ओर से कार्य योजना बनाई जायेगी।