जेनी प्रकरण पर हरक सिंह रावत आर-पार के मूड में: ‘0.1% भी दोष दिखा तो छोड़ दूँगा राजनीति’

Spread the love

उत्तराखंड के पूर्व कैबिनेट मंत्री हरक सिंह रावत ने कथित जेनी प्रकरण को लेकर भाजपा सरकार को खुली चुनौती दी है। उन्होंने दो टूक शब्दों में कहा है कि यदि इस मामले में उन पर 0.1 प्रतिशत भी दोष या एक भी दाग साबित हो गया, तो वह तुरंत राजनीति से संन्यास ले लेंगे। देहरादून में मीडिया से बातचीत करते हुए कांग्रेस नेता ने भाजपा पर विधानसभा चुनाव से ठीक पहले उनकी छवि धूमिल करने की गहरी साजिश रचने का आरोप लगाया। रावत ने मांग की है कि राज्य सरकार इस पूरे प्रकरण की माननीय उच्च न्यायालय या किसी सिटिंग जज की देखरेख में निष्पक्ष जांच कराए ताकि दूध का दूध और पानी का पानी हो सके। इस मामले में नया मोड़ तब आया जब हरक सिंह रावत ने दून अस्पताल के आधिकारिक दस्तावेजों का हवाला देते हुए राजनीतिक विरोधियों के दावों को खारिज कर दिया। उन्होंने बताया कि अस्पताल के रिकॉर्ड के अनुसार जेनी के बच्चे के पिता का नाम ‘बबलू’ दर्ज है, जिससे स्पष्ट होता है कि उनका इस विवाद से कोई सीधा संबंध नहीं है। जहां एक तरफ भाजपा इस मुद्दे को लेकर कांग्रेस पर हमलावर है, वहीं कांग्रेस इसे अंकिता भंडारी मामले जैसे गंभीर मुद्दों से जनता का ध्यान भटकाने का एक चुनावी स्टंट करार दे रही है। दशकों पुराने इस विवाद के दोबारा गरमाने से उत्तराखंड के सियासी गलियारों में घमासान तेज हो गया है।