किलपुरा वन रेंज में हाथी ने चारा पत्ती लेने गए बुजुर्ग को कुचलकर मार डाला, जंगल से शव बरामद

खटीमा के किलपुरा वन रेंज में मानव वन्य जीव संघर्ष में एक ग्रामीण की मौत का दुखद मामला फिर सामने आया है। हाथी के हमले में ग्रामीण की मौत हो गई है।

Share

गुस्सा वैसे तो अक्सर मनुष्य की प्रवृत्ति माना जाता है मगर कभी-कभी यह जानवरों के बीच भी देखा जा सकता है। उधम सिंह नगर के किलपुरा वन रेंज में एक ऐसी ही घटना सामने आई है। elephant attack in Kilpura forest range किलपुरा वन रेंज में मानव वन्य जीव संघर्ष में एक ग्रामीण की मौत हो गई। सूचना पर वन विभाग की टीम ने मौके पर पहुंच शव कब्जे में ले नागरिक चिकित्सालय शव पोस्टमार्टम को भेज दिया है। मिली जानकारी के अनुसार, गुरुवार को नौगवानाथ निवासी मृतक मदन राम उम्र 50 साल पत्ते लेने जंगल गया था जंगल से घर ना लौटने पर परिजनों और ग्रामीणों द्वारा खोजबीन की गई। शुक्रवार को सुबह किलपुरा वन रेंज के जंगल में ग्रामीण का शव मिला।

हाथी के हमले में ग्रामीण मदन राम की मौत की सूचना पर रेंज अधिकारी किलपुरा मनोज कुमार पांडेय वन दरोगा खीमानंद आर्य और अन्य स्टाफ के साथ मौके पर पहुंचे और शव कब्जे में लिया। घटना की जानकारी पुलिस को भी दे दी गई है। मृतक अपने परिवार का गुजर बसर मजदूरी करके करता था। किलपुरा वन रेंज में हाथी के हमले में मृत ग्रामीण का शव पोस्टमार्टम के लिए वन कर्मचारियों द्वारा नागरिक अस्पताल लाया गया। चकरपुर पुलिस चौकी इंचार्ज प्रियांशु जोशी और नौगवानाथ क्षेत्र के वन दरोगा खीमानंद आर्य ने शव का पंचनामा भर शव को नागरिक अस्पताल पहुंचाया। शव को आरक्षित वन क्षेत्र के 150 मीटर अंदर पश्चिमी किलपुरा द्वितीय प्लाट संख्या 3 से बरामद किया गया। पूर्व में भी जंगल से लगे ग्रामों के प्रधानों को पत्र जारी कर आग्रह किया जाता रहा है बावजूद इसके लोग जंगल में प्रवेश कर रहे है जिससे मानव वन्य जीव संघर्ष की घटनाएं हो रही है।