डबल इंजन इंपैक्ट: जमरानी बांध परियोजना को मिली केंद्रीय कैबिनेट की मंजूरी

जमरानी बांध परियोजना को केंद्रीय मंत्रिमंडल ने मंजूरी दे दी है। इसके लिए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आभार जताया।

Share

कुमाऊं के तराई भाबर क्षेत्र के लिए बेहद अहम जमरानी बांध परियोजना को लेकर आखिरकार मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की कोशिश रंग लाने लगी हैं। Union Cabinet Approves Jamrani Dam Project of Uttarakhand जमरानी बांध परियोजना को केंद्रीय मंत्रिमंडल ने मंजूरी दे दी है। पीएम नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में हुई केंद्रीय मंत्रिमंडल की बैठक में कई अहम प्रस्ताव पर मुहर लगी है। इन्हीं अहम प्रस्ताव में उत्तराखंड का एक महत्वपूर्ण प्रस्ताव जमरानी बांध परियोजना पर शामिल है। जिस पर केंद्रीय मंत्रिमंडल ने अपनी सहमति जता दी है। इसके लिए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आभार जताया। उन्होंने कहा कि इस बांध परियोजना के निर्माण का रास्ता साफ होने से हल्द्वानी व आसपास के क्षेत्र में पेयजल एवं सिंचाई की समस्या का हल होगा।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि उत्तराखंड की महत्वपूर्ण परियोजना जमरानी बांध परियोजना के निर्माण का रास्ता साफ होने के बाद अब हल्द्वानी और उसके आसपास के क्षेत्र में पेयजल के साथ ही सिंचाई की समस्या का समाधान हो सकेगा। दरअसल, उत्तराखंड के नैनीताल जिले में काठगोदाम से 10 किमी अपस्ट्रीम में गौला नदी पर जमरानी बांध का निर्माण प्रस्तावित है। जमरानी बांध परियोजना का निर्माण होने के बाद करीब डेढ़ लाख हेक्टेयर कृषि भूमि को न सिर्फ सिंचाई की सुविधा मिलेगी। बल्कि, हल्द्वानी शहर को हर साल 42 एमसीएम पेयजल की सुविधा उपलब्ध हो सकेगी। इसके अलावा 63 मिलियन यूनिट जल विद्युत उत्पादन का भी प्रावधान है। जमरानी बांध परियोजना को ‘प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना-त्वरित सिंचाई लाभ’ कार्यक्रम के अंतर्गत शामिल कर दिया गया है। सीएम धामी की मानें तो अगले 5 साल में बांध का निर्माण पूरा कर लिया जाएगा।