Rajouri Attack: उत्तराखंड के बलिदानियों के पार्थिव शरीर पहुंचे जोलीग्रांट, मुख्यमंत्री धामी ने दी श्रद्धांजलि

Spread the love

जम्मू कश्मीर के पुंछ राजौरी में सेना पर हुए आतंकी हमले में नारायणबगड़ विकासखंड के बमिलाया गांव के जवान नायक बीरेंद्र सिंह और बलिदान हुए गौतम कुमार के पार्थिव शरीर आज सोमवार को उत्तराखंड पहुंचे। Birendra Singh martyred in Rajouri terrorist attack पार्थिव शरीर को सेना के विमान से देहरादून एयरपोर्ट लाया गया। जहां मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित कर शहीदों के परिजनों को सांत्वना दी। मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि देश की रक्षा के लिए अपने प्राण न्योछावर करने वाले हमारे इन शहीदों को देश हमेशा याद रखेगा। राज्य सरकार हर पल सैनिक परिवारों के साथ खड़ी है। उन्होंने शहीद गौतम कुमार और वीरेन्द्र सिंह के परिजनों से बात कर ढांढ़स बंधाया। दिवंगत आत्माओं की शांति और दुःख की इस घड़ी में उनके परिजनों को धैर्य प्रदान करने की मुख्यमंत्री ने ईश्वर से कामना की।

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि, राष्ट्र रक्षा के लिए हमारे जवानों द्वारा दिया गया बलिदान सदैव हम सभी को राष्ट्र सेवा के लिए प्रेरित करता रहेगा। इसके बाद दोनों के पार्थिव शरीरों को सेना के हेलीकॉप्टर से उनके घर भेजा गया। घर पर शहीदों के पार्थिव शरीर पहुंचते ही परिजनों में कोहराम मच गया। बता दें कि बृहस्पतिवार को जम्मू कश्मीर के पुंछ जिले के बफलियाज इलाके में हुए आतंकी हमले में गढ़वाल मंडल के दो वीर बलिदानी हो गए थे। इनमें पौड़ी जिले के कोटद्वार निवासी राइफलमैन गौतम कुमार (29) और चमोली जिले के बमियाला गांव के वीरेंद्र सिंह थे। पहले बलिदानी के पार्थिव शरीर को दो दिन पहले उत्तराखंड लाया जाना था, लेकिन कई कारणों से नहीं लाया जा सका। गौतम की तैनाती 89 आर्म्ड कोर में थी, वहीं वीरेंद्र 15वीं गढ़वाल राइफल्स में तैनात थे। वीरेंद्र का परिवार रुड़की में रहता है, लेकिन उनका अंतिम संस्कार उनके पैतृक गांव बमियाला में किया जाएगा।