पौड़ी: धुमाकोट बाजार में फिर दिखा गुलदार! रात में बाजार में घूमता दिखा शिकारी

Spread the love

पौड़ी गढ़वाल के धुमाकोट बाजार में आधी रात को गुलदार (तेंदुआ) की चहलकदमी से स्थानीय निवासियों और व्यापारियों में भारी दहशत का माहौल है। हाल ही में सामने आए एक मामले में, यह शिकारी जीव मुख्य बाजार की सड़कों पर बेखौफ घूमता नजर आया, जिसका वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। आधी रात के सन्नाटे में बाजार में दाखिल हुए इस गुलदार ने वहां मौजूद एक कुत्ते को अपना निवाला बनाया और उसे दबोचकर अंधेरे में गायब हो गया। इस घटना के बाद से ही क्षेत्र के व्यापारियों और ग्रामीणों में डर का माहौल है और लोग शाम ढलते ही अपने घरों में कैद होने को मजबूर है। स्थानीय लोगों ने वन विभाग से क्षेत्र में गश्त बढ़ाने और आदमखोर होते वन्यजीवों से सुरक्षा की मांग की है। धुमाकोट और नैनीडांडा के सीमावर्ती इलाकों में लगातार बढ़ती गुलदार और बाघों की सक्रियता को देखते हुए वन्यजीव प्रशासन ने भी सतर्कता बढ़ा दी है। वन विभाग ने गाइडलाइन जारी करते हुए ग्रामीणों को रात के समय अकेले बाहर न निकलने, बच्चों और बुजुर्गों की सुरक्षा का विशेष ध्यान रखने तथा पालतू जानवरों को सुरक्षित स्थानों पर बांधने की सख्त हिदायत दी है।