रामनगर में गुलदार का आतंक, घास काटने गई महिला पर किया हमला; दहशत में आए लोग

Spread the love

नैनीताल जिले के रामनगर में गुलदारों का आतंक कम होने का नाम नहीं ले रहा है। रामनगर आए दिन गुलदार दिखाई दे रहे हैं। Leopard Attack on Woman in Ramnagar लेकिन वन विभाग के पिंजरों में गुलदार कैद नहीं हो रहे हैं। इस बीच वनप्रभाग तराई पश्चिम के आम पोखरा रेंज के अंतर्गत शुक्रवार सुबह घास काट रही महिला पर गुलदार ने हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। फिलहाल महिला का रामनगर संयुक्त चिकित्सालय में चल रहा है उपचार। बता दें कि, शुक्रवार की सुबह तराई पश्चिमी वन प्रभाग की रामनगर रेंज के अंतर्गत ग्राम गोबरा क्षेत्र में जंगल में 52 वर्षीय प्रभा देवी घास काटने गई थीं।

तभी अचानक से गुलदार ने महिला पर हमला कर दिया। साथ में मौजूद महिलाओं ने जब शोर मचाया तो गुलदार प्रभा देवी को लहूलुहान हालत में छोड़कर मौके से भाग गया। इसके बाद परिजन मौके पर पहुंचे और अन्य ग्रामीणों की मदद से घायल महिला को उपचार के लिए सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया। ग्रामीणों ने विभाग के अधिकारियों से गुलदार के आतंक से निजात दिलाने की मांग की है। वहीं, वन बीट अधिकारी अरुण कुमार ने बताया कि घटना के बाद विभाग के अधिकारियों ने मौके पर वन कर्मचारियों की गश्त शुरू कर दी है। इसके साथ ही ग्रामीणों से अकेले जंगल में न जाने की अपील की है।