हरिद्वार में टला बड़ा हादसा: गन्ने से लदे ओवरलोड ट्रक के नीचे दबीं दो कारें, बाल-बाल बची जान

Spread the love

धर्मनगरी हरिद्वार के कनखल कोतवाली क्षेत्र में देर रात एक बड़ा सड़क हादसा होने से टल गया, जब गन्ने से लदा एक ओवरलोड ट्रक अनियंत्रित होकर नेशनल हाईवे की सर्विस रोड पर पलट गया। यह घटना प्रेमनगर आश्रम तिराहे के पास होटल जान्हवी डेल के सामने हुई, जहां ट्रक के पलटने से सड़क किनारे खड़ी दो कारें गन्नों के ढेर के नीचे दबकर बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, क्षमता से अधिक गन्ना लदा होने के कारण चालक ट्रक पर से नियंत्रण खो बैठा, जिससे यह दुर्घटना हुई। गनीमत रही कि हादसे के वक्त दोनों कारों में कोई भी व्यक्ति मौजूद नहीं था, वरना बड़ा जानी नुकसान हो सकता था। बताया जा रहा है कि हरियाणा नंबर की कार में सवार एक परिवार शादी समारोह में शामिल होने हरिद्वार आया था और गाड़ी पार्क कर अंदर गया हुआ था, जबकि पास खड़ी उत्तराखंड नंबर की दूसरी कार भी खाली थी। सूचना पर पहुंची कनखल पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद गन्ने हटवाकर क्षतिग्रस्त कारों को बाहर निकाला और यातायात सुचारू कराया, वहीं हादसे के बाद फरार हुए ट्रक चालक की तलाश शुरू कर दी गई है।