Uttarakhand Weather Update: उत्तराखंड में मौसम शुष्क बना हुआ है। मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक बिक्रम सिंह के अनुसार मैदानों में घना कोहरा छाया रह सकता है। खासकर हरिद्वार और ऊधमसिंह नगर में कोहरे को लेकर यलो अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग की रिपोर्ट के मुताबिक 25 दिसंबर को प्रदेश में पश्चिमी विक्षोभ की दस्तक के चलते हल्की वर्षा और बर्फबारी के आसार बन रहे हैं। उत्तरकाशी, चमोली और पिथौरागढ़ में तीन हजार मीटर से अधिक ऊंचाई पर हिमपात हो सकता है। तापमान सामान्य के आसपास बना रह सकता है। इसके बाद नए साल की शुरुआत तक मौसम शुष्क रहने के आसार हैं।
विक्रम सिंह ने कहा उत्तराखंड में आगामी दिनों में मौसम की कुछ खास एक्टिविटी नहीं रहने वाली है। अधिकतम और न्यूनतम तापमान अभी सामान्य के आसपास बना हुआ है, ऐसे में ठंड इस समय पीक पर है। मौसम में ठंडक के साथ ही मैदानी जिलों में कोहरा देखने को मिल रहा है. ऐसे में वाहन चालक स्पीड को नियंत्रण में रखें, ताकि कोहरे के दौरान किसी भी दुर्घटना बचा जा सके। बीते करीब डेढ़ माह से वर्षा न होने के कारण वातावरण से नमी गायब है। जिससे फ्लू और कोल्ड के लिए मौसम अनुकूल हो गया है। इसके अलावा खेतों में नमी न होने के कारण रबी की फसल भी खासी प्रभावित हुई है। मौसम की बेरुखी से खेती-बागवानी बेहाल है।