देहरादून: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने देहरादून में “एक शाम शहीदों के नाम” कार्यक्रम में प्रतिभाग किया। उन्होंने कहा कि ‘राष्ट्र-सर्वोपरि’ की भावना से ओत-प्रोत हमारे वीर सैनिकों ने सदैव ही देश की आन-बान और शान को अक्षुण्ण रखने का कार्य किया है। मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि देवभूमि उत्तराखण्ड के अनेकों वीर सैनिकों ने देश की सुरक्षा के लिये अपने प्राण न्योछावार किये हैं। हमारे जवानों ने विश्व को यह आभास कराया है कि हम शांति का उपदेश देने के साथ समय आने पर दुश्मनों को मुंह तोड़ जवाब देने की क्षमता भी रखते है। उन्होंने कहा कि आज पीएम नरेंद्र मोदी के कुशल नेतृत्व में सम्पूर्ण विश्व, भारत की शक्ति एवं सामर्थ्य से परिचित हुआ है, जिसका परिणाम है कि अब कोई भी दुश्मन हमारी ओर आंख उठाने की हिम्मत नहीं कर सकता। अब देश की सुरक्षा में लगे सैनिकों को दुश्मन की गोली का जवाब देने के लिए सरकार से अनुमति लेने की आवश्यकता नहीं पड़ती। हमारी सेना गोली का जवाब गोलों से देने का कार्य करती है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी लगातार जोशीमठ के हालात की जानकारी ले रहे हैं। उन्होंने कहा कि अभी तक 270 परिवारों को राहत शिविर में रखा गया है। केंद्र व राज्य सरकार पीड़ितों के हित में बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित करने का प्रयास कर रही है। मुख्यमंत्री ने कहा कि जोशीमठ का कुछ सीमित क्षेत्र ही भू धंसाव से प्रभावित है तथा अधिकांश भाग में सामान्य रूप से कार्य संचालित हो रहे हैं, ऐसे में पूरे जोशीमठ के बारे में असुरक्षा का माहौल बनाया जाना ठीक नहीं है। चार माह बाद चार धाम यात्रा प्रारम्भ होनी है। ऐसे समय में यह संदेश नहीं जाना चाहिए कि पूरा जोशीमठ क्षेत्र ही असुरक्षित है। हमारा प्रयास होना चाहिये कि सुरक्षित उत्तराखण्ड का संदेश भी देश व दुनिया में जाये। कार्यक्रम में नैनीताल बैंक के एमडी निखिल मोहन द्वारा जोशीमठ भूधंसाव से प्रभावितों की सहायता हेतु मुख्यमंत्री राहत कोष में 20 लाख का चेक भी मुख्यमंत्री को भेंट किया गया।