उत्तराखंड में बर्फबारी के साथ होगा नए साल का स्वागत, मौसम विभाग ने जारी किया अलर्ट

Spread the love

उत्तराखंड में अब मौसम बदल रहा है। बर्फबारी और ठंड के साथ- साथ अब कोहरे का प्रकोप भी लोगों को देखने को मिलेगा। Uttarakhand Weather News Today शनिवार और रविवार को पर्वतीय क्षेत्रों में बादल छा सकते हैं। हालांकि आज प्रदेश में मौसम साफ रहेगा। पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने के कारण पहाड़ों में बर्फबारी और बूंदाबंदी होने के साथ इस साल की विदाई हो सकती है। मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक विक्रम सिंह का कहना है कि शनिवार और रविवार को पर्वतीय क्षेत्र में आंशिक से लेकर मध्यम बादल छा सकते हैं। इस दौरान उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर, अल्मोड़ा और पिथौरागढ़ के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हिमपात होने की संभावना है। इसके साथ ही आसपास के क्षेत्र में बूंदाबांदी भी हो सकती है।

मौसम विभाग की मानें तो इस दौरान ज्यादातर क्षेत्रों में तापमान में भी एक से दो डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट आ सकती है। फिलहाल उत्तराखंड में मौसम शुष्क है और ज्यादातर क्षेत्रों में चटख धूप खिल रही है। बीते दिनों बादल घिर आने से प्रदेशभर में अधिकतम व न्यूनतम तापमान में वृद्धि दर्ज की गई। पर्वतीय क्षेत्रों में पाला परेशानी बढ़ा सकता है। जबकि, मैदानी क्षेत्रों खासकर ऊधमसिंह नगर और हरिद्वार में घना कोहरा छाने को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है। देहरादून समेत आसपास के क्षेत्रों में हल्की धुंध परेशानी बढ़ा सकता है। बुधवार को देहरादून में अधिकतम तापमान सामान्य से पांच डिग्री सेल्सियस अधिक 25. 8 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान सामान्य से 2 डिग्री सेल्सियस अधिक 8.4 डिग्री रहा।