उत्तराखंड में आए दिन सड़क हादसे हो रहे हैं। जिसमें कई लोग घायल तो कई लोगों की जान भी जा रही है। इस बीच देहरादून-ऋषिकेश मार्ग पर सात मोड़ के समीप एक इलेक्ट्रिक कार अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गई। Rishikesh Dehradun Road Accident इस दर्दनाक हादसे में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि दो गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को उपचार के लिए एम्स में भर्ती कराया गया है। बताया जा रहा है कि कार काफी तेज गति से चल रही थी। सात मोड़ के समीप चालक कार से नियंत्रण खो बैठा और कार कच्ची सड़क में उतरकर सामने पेड़ से जा टकराई। तेज रफ्तार होने के कारण टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार के सभी एयरबैग खुल गए।
वहीं, मौके पर गुजर रहे लोगों ने तत्काल पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी। जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और रेस्क्यू कर घायलों को नजदीकी अस्पताल पहुंचाया। जहां डॉक्टरों ने एक युवक को मृत घोषित कर दिया। जबकि, दो घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए एम्स ऋषिकेश रेफर कर दिया गया है। दुर्घटना के लिए सात मोड़ क्षेत्र अति संवेदनशील है। यहां अक्सर वाहन दुर्घटनाग्रस्त होते हैं। इस क्षेत्र में कई स्थानों पर चेतावनी बोर्ड भी लगाए गए है। बावजूद इसके अधिकांश वाहन चालक यहां तेज रफ्तार से वाहन चलाते हैं। जो अक्सर दुर्घटना का कारण बनते हैं।