उत्तरकाशी: उत्तराखंड में हादसों का सिलसिला जारी है दरअसल चारधाम यात्रा के चलते निरंतर गाड़ियों की आवाजाही हादसे का शिकार हो रही है। इसी कड़ी मे गुरुवार देर रात करीब 10 बजे यमुनोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग डाबरकोट, स्यानाचट्टी के पास एक यात्री मैक्स वाहन अनियंत्रित होकर 150 मीटर खाई गिरकर दुर्घटनाग्रस्त हो गई। वाहन मे चालक सहित 13 लोग सवार थे। इसमें चालक सहित तीन की घटनास्थल पर ही मौत हो गयी। मरने वालों में एक महिला भी शामिल है, जबकि दस अन्य यात्री घायल हुए हैं।
घायलों को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बड़कोट में 108 एम्बुलेंस के माध्यम से भेजकर भर्ती करवाया गया है। जहां घायलों का इलाज चल रहा रहा है। मिली जानकारी के अनुसार महाराष्ट्र के 12 यात्रियों को लेकर बोलेरो वाहन यूके-14 टी०ए०-0635 जानकीचट्टी से बड़कोट के लिए रवाना हुआ। देर रात यह वाहन यमुनोत्री धाम से 28 किलोमीटर दूर ओजरी के पास पहुंचा। यहां बस को साइड देने के लिए चालक ने अपने वाहन को पीछे किया। इसी दौरान वाहन अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरा। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची 108 एंबुलेंस, फायर सर्विस और एसडीआरएफ फोर्स की टीम ने बचाव कार्य को पूरा किया। स्थानीय ग्रामीणों की मदद से 10 घायल व्यक्तियों को खाई से रेस्क्यू कर सड़क तक पहुंचाया गया।
एसडीआरएफ टीम द्वारा अत्यंत विषम परिस्थितियों व रात्रि के घनघोर अंधेरे में गहरी खाई में उतरकर उक्त वाहन तक अपनी पहुंच बनाई गई। चार बच्चों सहित दस घायल यात्रियों को टीम ने गहरी खाई से रेस्क्यू कर सड़क तक पहुंचाया। जिस स्थान पर दुघर्टना हुई है, वहां सड़क संकरी होने के साथ सुरक्षा इंतजाम भी नहीं हैं। उपजिलाधिकारी शालिनी नेगी ने बताया कि यमुनोत्री दुर्घटना में एक महिला समेत तीन की मौत हुई है। इसमें चालक भी शामिल है। घायलों की स्थिति खतरे से बाहर है। घायलों में चार बच्चे भी शामिल हैं।