बल्लभ पंत कृषि एवं प्रौद्योगिक विश्वविद्यालय में आयोजित चार-दिवसीय उत्तराखंड अंतर विश्वविद्यालयी खेल महोत्सव विवादों के साथ संपन्न हो गया। इस आयोजन में उत्तराखंड के 10 विश्वविद्यालयों ने प्रतिभाग किया है। Uttarakhand Inter-University Sports Festival विवि के कुलपति डाॅ. मनमोहन सिंह चौहान ने महोत्सव का समापन किया। विवि के कुलपति डाॅ. मनमोहन सिंह चौहान के नेतृत्व में आयोजित इस महोत्सव में 722 खिलाडी जिसमें 412 पुरुष एवं 310 महिला प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक खेल भावना, अनुशासन और उत्कृष्टता का प्रदर्शन किया। चार दिनों तक चले इस महोत्सव में एथलेटिक्स, दौड़, कबड्डी, वॉलीबॉल, बास्केटबॉल, फुटबॉल, बैडमिंटन सहित विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। विश्वविद्यालयी खेल एवं क्रीड़ा महोत्सव के समापन समारोह में तब खलल पड़ गया, जब एसएसजे विवि अल्मोड़ा के कोच ने चहेती टीम (श्रीदेव सुमन विवि टिहरी गढ़वाल) को ट्राॅफी देने का आरोप लगा दिया। इससे नाराज सभी खिलाड़ियों ने विभिन्न प्रतियोगिताओं में हासिल किए पदक भी लौटा़ दिए। कोच लियाकत अली खान का आरोप है कि उनकी टीम ने 110 प्वाइंट के साथ 14 स्वर्ण सहित कुल 27 पदक हासिल किए हैं। जबकि जिस टीम को ट्राॅफी प्रदान की गई, उसने मात्र चार-पांच पदक ही हासिल किए। उनके विरोध पर आयोजक आनन-फानन समापन समारोह निपटाकर निकल गए। और अल्मोड़ा के सभी खिलाड़ी रिजल्ट घोषित करने में धांधली का आरोप लगाते हुए देर रात तक धरने पर डटे रहे।