Uttarakhand Weather: उत्तराखंड में कड़ाके की ठंड रहेगी बरकरार, पांच जिलों में घने कोहरे का अलर्ट

Spread the love

उत्तराखंड में बारिश और बर्बादी को लेकर लोगों का इंतजार खत्म नहीं हो पा रहा है। साल 2024 में जनवरी का तीसरा हफ्ता भी बिना बारिश के ही गुजर गया है। Uttarakhand Today Weather Update उधर आने वाले दिनों में भी भारी-बारिश, बर्फबारी को लेकर कोई संभावना नजर नहीं आ रही है। मौसम विज्ञान केंद्र ने शनिवार को हरिद्वार और ऊधमसिंह नगर में कोहरा छाने का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। दोनों जिलों में गंभीर शीतलहर के आसार हैं, जबकि देहरादून, पौड़ी और नैनीताल में घना कोहरा छाने का येलो अलर्ट जारी किया गया। इन जिलों के भी कुछ इलाकों में शीतलहर की स्थिति रहेगी। प्रदेश के मैदानी इलाकों में अगले सप्ताह से राहत मिलने के आसार हैं। मौसम वैज्ञानिकों की मानें तो 24-25 जनवरी के बाद मैदानी इलाकों में कोहरा कम होने लगेगा। इससे ठंड कम होने के साथ लोगों को राहत मिलेगी।

हरिद्वार और उधम सिंह नगर जिले में पिछले कई दिनों से घने कोहरे को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है। घना कोहरा रहने के कारण इन जिलों में दिन के वक्त भी कई जगह सूर्य देव के दर्शन नहीं हो पाएंगे और इसका सीधा असर अधिकतम तापमान में कमी के रूप में देखने को मिलेगा। मैदानी क्षेत्र घने कोहरे के प्रकोप से बेहाल हैं। हालांकि, शुष्क मौसम के बीच पर्वतीय क्षेत्रों में धूप खिल रही है और तापमान भी सामान्य है, लेकिन मैदानी क्षेत्रों में कड़ाके की ठंड से जनजीवन प्रभावित हो गया है। उत्तर भारत में घने कोहरे के कारण दून पहुंचने वाली फ्लाइट दो से तीन घंटे देरी से पहुंचीं। जबकि, ट्रेनों के पहुंचने का समय आठ से 10 घंटे लेट है। उधर, मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक बिक्रम सिंह के अनुसार, अगले कुछ दिन प्रदेश में मौसम शुष्क बने रहने का अनुमान है। मैदानी क्षेत्रों में कोहरा रहेगा।