नए साल पर राज्य कर्मचारियों को मिलेगी चार फीसदी डीए की सौगात, प्रमोशन के लिए सेवा अवधि में मिलेगी छूट

Spread the love

नए साल 2024 से पहले उत्तराखंड सरकार राज्य के सरकारी कर्मचारियों को खुशखबरी देने वाली है। राज्य कर्मचारियों को न्यू ईयर पर चार फीसदी महंगाई भत्ते की सौगात मिल सकती है। Uttarakhand Employee Promotion डीए की फाइल मुख्यमंत्री के पास अनुमोदन के लिए गई है। माना जा रहा है कि मुख्यमंत्री राजधानी पहुंचने के बाद फाइल पर अनुमोदन मिल जाएगा। प्रदेश मंत्रिमंडल ने डीए के लिए मुख्यमंत्री को अधिकृत किया है। वित्त विभाग ने प्रस्ताव बनाकर मुख्यमंत्री कार्यालय को भेज दिया है। अब मुख्यमंत्री को निर्णय लेना है। माना जा रहा है कि मुख्यमंत्री के अनुमोदन के साथ ही सरकार डीए का आदेश जारी कर देगी। सोमवार को महंगाई भत्ते की किस्त जारी होने की संभावना जताई जा रही है।

साथ ही, सरकार ने पदोन्नति के लिए आवश्यक सेवा अवधि में छूट देने को संशोधित नियमावली जारी की है। सेवा अवधि में शिथिलीकरण का यह लाभ वर्तमान चयन वर्ष एक जुलाई, 2023 से 30 जून, 2024 तक ही मान्य होगा। प्रदेश के तमाम कर्मचारी संगठन लंबे समय से पदोन्नति में शिथिलीकरण देने की मांग कर रहे थे। पुष्कर सिंह धामी मंत्रिमंडल ने संगठनों की इस बहुप्रतीक्षित मांग को मानते हुए बीती 22 दिसंबर को नियमावली में संशोधन को स्वीकृति दी थी। वर्तमान कैलेंडर वर्ष समाप्त होने से पहले ही शुक्रवार को कार्मिक सचिव शैलेश बगोली ने उत्तराखंड सरकारी सेवक पदोन्नति के लिए अर्हकारी सेवा में शिथिलीकरण (संशोधन) नियमावली की अधिसूचना जारी कर दी।