देहरादून: 2022 के विधानसभा चुनाव में आम आदमी पार्टी के मुख्यमंत्री पद के चेहरे बनाए गए कर्नल अजय कोठियाल ने चुनावी दंगल में पार्टी और खुद की भारी पराजय होने के बाद AAP और दिल्ली सीएम अरविंद केजरीवाल से पिंड छुड़ाकर सत्ता में दोबारा लौटी बीजेपी का दामन थाम लिया था। हालांकि ठीक चुनाव के बाद बीजेपी में शामिल हो गए कर्नल कोठियाल को आज से पहले तक कोई काम नहीं दिया गया था। इसी वजह से अक्सर कई मंचों पर कर्नल के गायब होने की चर्चा चलती रहती थी। लेकिन अब बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने पार्टी में आकर खाली बैठे कर्नल कोठियाल को काम दे दिया है।
भट्ट ने कर्नल को पार्टी का प्रदेश प्रवक्ता बना दिया है ताकि वे मीडिया और दूसरे मंचों पर सत्ताधारी दल और सरकार को डिफेंड करे और उपलब्धियों का बखान करें। बड़ी बात यह है कि कर्नल अजय कोठियाल आम आदमी पार्टी का बड़ा चेहरा थे। भाजपा में उन्हें प्रदेश प्रवक्ता के पद से ही संतुष्ट होना पड़ेगा। राजनीतिक रूप से चर्चा भी चल रही है कि आखिरकार कर्नल अजय कोठियाल के भाजपा में शामिल होने के बाद इसे उनका प्रमोशन माना जाए या डिमोशन।
भारतीय जनता पार्टी की उत्तराखंड इकाई ने शनिवार को अपने प्रदेश प्रवक्ताओं की टीम की घोषणा कर दी। इस टीम में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट की ओर से 12 नामों को यह जिम्मेदारी दी गई है।
प्रदेश प्रवक्ताओं की टीम में सुरेश जोशी, कर्नल अजय कोठियाल, विधायक खजान दास, वीरेंद्र सिंह बिष्ट, हेमंत द्विवेदी, विनोद सुयाल, विपिन कैन्थोला, प्रकाश रावत, नवीन ठाकुर, मधु भट्ट, हनी पाठक और सुनीता विधार्थी शामिल हैं।
जबकि सह मीडिया प्रभारियों में माणिक निधि शर्मा, चंदन सिंह बिष्ट, संजीव वर्मा, कमलेश उनियाल और राजेंद्र नेगी को जगह दी गई है।