उत्तराखंड में मौसम एक बार फिर बदलाव के दौर में प्रवेश कर रहा है। मंगलवार से प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में मौसम का मिजाज बदलने की संभावना जताई गई है। Uttarakhand Weather Forecast मौसम विभाग के अनुसार, मैदानी जिलों में कोहरा छाने और पर्वतीय क्षेत्रों में हल्की बारिश व बर्फबारी के आसार बने हुए हैं, जिससे ठंड में फिर से इजाफा हो सकता है। मौसम विभाग के अनुसार, उत्तरकाशी, चमोली और पिथौरागढ़ जनपदों में कहीं-कहीं बारिश होने की संभावना है। वहीं देहरादून, टिहरी, रुद्रप्रयाग, बागेश्वर और अल्मोड़ा में भी कहीं-कहीं बहुत हल्की से हल्की बारिश हो सकती है। मौसम विभाग ने बताया कि 3000 मीटर और उससे अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी हो सकती है। हालांकि प्रदेश के अन्य जिलों में मौसम शुष्क बने रहने की संभावना है। वहीं हरिद्वार और उधम सिंह नगर में सुबह के समय छिछला से मध्यम कोहरा छाने से दृश्यता प्रभावित हो सकती है। चारधाम की चोटियों के साथ देहरादून के ऊंचाई वाले इलाकों जैसे चकराता आदि और नैनीताल अल्मोड़ा की ऊंची पहाड़ियों पर हल्की बर्फ गिरने के साथ बूंदाबांदी हो सकती है। राजधानी देहरादून पिछले कुछ दिनों से धूप में तप रहा है लेकिन आज वहां बादल छाए रह रहेंगे और हल्की बौछारें भी पड़ सकती है।